Recent Posts

Breaking News

साहब! ये तो ‘चप्पल’ से पेपर लीक कर रहा था…कृषि पर्यवेक्षक भर्ती में पकड़ा गया मुन्ना भाई, मिला अंडरगारमेंट्स में पुराना पेपर और OMR शीट

राजस्थान : राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में आयोजित कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही परीक्षा में एक अभ्यर्थी ने बेहद चालाकी से मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचा दिया। मामला मानटाउन थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का है, जहां पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान केदार प्रसाद मीणा (31), निवासी रईथा कला थाना कुण्डेरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मोबाइल फोन को चप्पल के सोल में छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया। सख्त जांच के बावजूद वह अंदर पहुंचने में सफल रहा।

परीक्षा के दौरान आरोपी ने मोबाइल से प्रश्न पत्र की तस्वीरें खींच लीं। पुलिस को आशंका है कि उसने ये तस्वीरें किसी अन्य व्यक्ति या परीक्षार्थी को भेजी हो सकती हैं, जिस एंगल से भी जांच की जा रही है।

इसके अलावा तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अंडरगारमेंट्स में छुपाई गई वर्ष 2024 की कृषि पर्यवेक्षक परीक्षा का प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट भी बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तलाशी में मोबाइल फोन से प्रश्न पत्र की तस्वीरें भी बरामद हुईं।

मानटाउन थाना पुलिस ने केंद्र अधीक्षक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 के तहत कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस घटना ने प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल के नए तरीकों को उजागर कर दिया है और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हुई इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

No comments