‘डिप्टी कलेक्टर उठिए…’ रात में सर ने फोन किया, लखनऊ की प्राइमरी टीचर कृतिका चौधरी बनी SDM, यूपी PCS में 30वीं रैंक

लखनऊ : यह कहना है कृतिका चौधरी का, जिन्होंने हाल ही में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC)-2024 के PCS परीक्षा में 30वीं रैंक हासिल की। लखनऊ की कृतिका पिछले 6 साल से प्राइमरी टीचर के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता जीपीओ में तैनात हैं, बड़ी बहन इलाहाबाद हाईकोर्ट में समीक्षा अधिकारी हैं और छोटी बहन KGMU में बीएससी नर्सिंग कर रही हैं।
कृतिका बताती हैं, “मैं रात 10:30 बजे तक सो गई थी। रिजल्ट 11:55 बजे अपलोड हुआ। मेरे टीचर ने मुझे रात में ही फोन किया और कहा – ‘डिप्टी कलेक्टर उठिए’। नींद में मुझे लगा यह सपना है। बाद में उन्होंने रोल नंबर दोबारा वेरिफाई किया और पुष्टि हुई कि मेरा नाम है। मैंने अपनी बहन को जगाया और उन्होंने भी देखा कि रिजल्ट में मेरा नाम है। फिर रात में मां को भी जगाया। उस खुशी को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।”

आधी रात में घर पर जश्न
रिजल्ट कंफर्म होने के बाद कृतिका ने रात करीब 12:30 बजे अपने परिवार को जगाया। सभी ने खुशी जताई और गले मिलकर जश्न मनाया। शुरुआत में खुद कृतिका को भी विश्वास नहीं हुआ कि वह SDM बन गई हैं, लेकिन जैसे-जैसे बात स्पष्ट हुई, खुशी और बढ़ गई।
पहली बार मेंस से बाहर, दूसरे प्रयास में सफलता
कृतिका ने कहा कि यह उनका दूसरा प्रयास था। पहली बार मेंस पास नहीं हुई थीं, लेकिन हार नहीं मानी और लगातार तैयारी जारी रखी। परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने सफलता दिलाने में मदद की।

परिवार का सहयोग और प्रेरणा
कृतिका तीन बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। बड़ी बहन हाईकोर्ट में समीक्षा अधिकारी और छोटी बहन KGMU में बीएससी नर्सिंग कर रही हैं। पिता जीपीओ में कार्यरत हैं। कृतिका कहती हैं कि माता-पिता ने समाज के शादी के दबाव को नजरअंदाज कर उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने का पूरा समर्थन दिया। यही उनका सफलता का मूल कारण है।
युवाओं को संदेश
कृतिका बताती हैं कि पढ़ाई सबसे बड़ा निवेश है, जो जीवन में हमेशा काम आता है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि शिक्षा हमेशा भविष्य को संवारती है, जबकि अन्य चीजें अस्थायी होती हैं।
कृतिका की इस उपलब्धि पर इंदिरानगर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। टेंट कैटर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार और अन्य पदाधिकारी व समाज के लोग उपस्थित रहे। समारोह में कृतिका को माला पहनाकर और बुके देकर सम्मानित किया गया।
No comments