Recent Posts

Breaking News

साहब सुलझा रहे थे ‘केस’ और दरोगा जी दिखा रहे थे ‘फेस’! मीटिंग में दिखाई ‘बत्तीसी’ तो SP ने कर दिया सस्पेंड.

 

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में पुलिस विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान अनुशासनहीनता का मामला सामने आने पर एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) पर कड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अमर्यादित व्यवहार करने पर ASI रामकिशोर रहांगडाले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, एसपी आदित्य मिश्रा ‘CM हेल्पलाइन’ से जुड़ी लंबित शिकायतों की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ले रहे थे, जिसमें जिले के विभिन्न थानों के अधिकारी ऑनलाइन शामिल थे। इस दौरान जब कोतवाली थाना के उप निरीक्षक संजय किरार से एक गंभीर लंबित प्रकरण पर चर्चा की जा रही थी, तभी बैठक में मौजूद ASI रामकिशोर रहांगडाले बार-बार हंसते हुए दिखाई दिए।

गंभीर विषय पर चल रही चर्चा के बीच उनका यह व्यवहार कैमरे में कैद हो गया। एसपी ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने इसे पुलिस सेवा की गरिमा और अनुशासन के खिलाफ मानते हुए सख्त कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस एक अनुशासित बल है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस मामले में ASI रामकिशोर रहांगडाले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) बालाघाट से अटैच कर दिया गया है। साथ ही उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगा दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें केवल नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता ही प्रदान किया जाएगा।

No comments