Recent Posts

Breaking News

‘शॉर्ट्स पहनने वाली छात्राओं को देखकर फैकल्टी मेंबर्स का ध्यान भटकता है’, तमिलनाडु लॉ यूनिवर्सिटी के VC बोले- ‘… छात्राएं यौन उत्पीड़न को न्योता देती हैं’.

 

Tamilnadu : तमिलनाडु नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के वाइस-चांसलर (VC) वी नागराज के एक विवादित बयान ने विश्वविद्यालय के कैंपस में भारी हंगामा मचा दिया है। उन्होंने शॉर्ट्स पहनने वाली छात्राओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसे लेकर छात्रों में गहरा गुस्सा और नाराजगी व्याप्त हो गई है।

बुधवार को एक क्लास रिप्रेजेंटेटिव के साथ बैठक के दौरान, वी नागराज ने कहा कि शॉर्ट्स पहनने वाली छात्राएं ‘यौन उत्पीड़न’ को न्योता देती हैं और छात्र और फैकल्टी मेंबर्स का ध्यान भटकाती हैं। इस बयान को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। गुरुवार रात छात्र-छात्राओं ने शॉर्ट्स और काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया और वीसी से माफी की मांग की।

छात्राओं ने कहा, “कपड़ों को नहीं, सोच को दोष दो,” और अपने विरोध के तहत कैंपस में नारों के साथ प्रदर्शन किया। एक छात्रा ने वीसी से पूछा कि, “क्या आप हमारी शॉर्ट्स से डिस्ट्रैक्ट हो रहे हैं, सर?” इस पर वीसी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

बाद में, एक सीनियर प्रोफेसर ने कहा कि वी नागराज का बयान ‘एक पिता के नजरिए से’ था और इसे गलत संदर्भ में समझा गया है। उन्होंने बताया कि वीसी का मकसद विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए था और उन्होंने कहा कि ड्रेस कोड के बारे में उनका बयान इसी संदर्भ में था।

रात करीब 9 बजे, जब छात्र विरोध जारी था, तो वी नागराज बाहर आए और कहा कि उनका बयान संदर्भ से हटा कर समझा गया है। उन्होंने कहा कि वह केवल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा सुधारने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, छात्रों का कहना है कि उनका यह बयान गैर-जिम्मेदाराना है और इससे छात्राओं का अपमान हुआ है।

छात्राएं वी नागराज से बिना शर्त माफी की मांग कर रही हैं और साथ ही एक स्टूडेंट बार एसोसिएशन बनाने की भी उम्मीद जता रही हैं। इस घटना का प्रभाव अब पूरे देश में महसूस किया जा रहा है। जोधपुर की लॉ यूनिवर्सिटी के छात्रों ने भी इस घटना की निंदा की है।

No comments