Recent Posts

Breaking News

केस रफा-दफा करने का खेल पड़ा भारी! उदयपुर में 1 लाख रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ा गया ASI, पुलिस महकमे में हड़कंप.

उदयपुर : उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एएसआई को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुनील बिश्नोई के रूप में हुई है, जो पहले भी विवादों में रह चुका है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी एएसआई ने रेप के प्रयास और छेड़छाड़ के एक मामले में मुकदमा दर्ज न करने की एवज में परिवादी से रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि वह लगातार मामले में फंसाने और धमकाने की धमकी देकर पैसे वसूलने का दबाव बना रहा था। परेशान होकर पीड़ित ने ACB से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन किया, जिसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार रविवार को आरोपी एएसआई सुनील बिश्नोई उदयपुर स्थित ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग में रिश्वत की राशि लेने पहुंचा, जहां पहले से मौजूद टीम ने उसे एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उसे हिरासत में ले लिया गया।

एसीबी के एडिशनल एसपी अनंत कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वह पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रहा है या नहीं।

गौरतलब है कि आरोपी एएसआई पहले भी कई विवादों में घिर चुका है। सितंबर 2025 में सुखेर थाने में तैनाती के दौरान आरडीएक्स क्लब एंड बार में हुई मारपीट मामले में कार्रवाई न करने के आरोप लगे थे, जिसके बाद उसे डीएसपी ऑफिस वेस्ट में अटैच किया गया था और विभागीय जांच शुरू हुई थी। बाद में अक्टूबर 2025 में लापरवाही के चलते उसे लाइन हाजिर भी किया गया था। अब रिश्वत मामले में गिरफ्तारी के बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

No comments