Recent Posts

Breaking News

आधार से दो गर्भवती नाबालिगों का खुलासा, एक की उम्र 17 साल आठ महीने और दूसरी निकली 15 वर्ष की

नादौन के तहत आने वाले क्षेत्रों में दो नाबालिग लड़कियों से शादी करने के मामले सामने आए हैं। दोनों ही नाबालिग गर्भवती हैं तथा अस्पताल पहुंचने पर आधार कार्ड के माध्यम से नाबालिग होने का खुलासा हुआ है। आधार कार्ड पर अंकित जन्मदिन के अनुरूप एक 17 साल आठ महीने की है, जबकि दूसरी की उम्र 15 साल बताई जा रही है। 

अस्पताल की तरफ से मामले पुलिस थाना नादौन तक पहुंचाए गए हैं। पुलिस ने पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किए हैं तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हालांकि यहां रोचक बात सामने आई है कि दोनों नाबालिग लड़कियों ने बताया है कि उनके आधार कार्ड गलत बनाए गए हैं, जबकि उनकी उम्र 18 साल से अधिक है। ऐसे में अब पुलिस हरेक पहलू से मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक प्रवासी मूल की लडक़ी ने उपमंडल नादौन के युवक से शादी की है। 

गर्भवती होने पर जब वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंची, तो इसने अपनी उम्र 19 वर्ष बताई। अस्पताल की तरफ से आधार कार्ड प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, जो कि इसके पास उस समय नहीं था। बाद में जब इसने आधार कार्ड प्रस्तुत किया, तो उसके अनुरूप इसकी उम्र 17 साल आठ महीने पाई गई। दूसरे मामले में प्रवासी मूल की नाबालिग की उम्र आधार कार्ड के अनुरूप 15 साल पाई गई है। 

इसने प्रवासी व्यक्ति से ही शादी रचाई थी। हालांकि दोनों कथित नाबालिग लड़कियों ने बताया है कि वह बालिग हैं तथा आधार कार्ड गलत बनाए गए हैं। मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि मामले दर्ज हुए हैं। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

No comments