‘मैं अनाथ हूं’ कहकर हिंदू रीति से शादी, 2 साल बाद रील ने खोली असली पहचान; बरेली में महिला ने SSP से लगाई गुहार

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पहचान छिपाकर शादी और फिर धर्म परिवर्तन के दबाव से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। थाना सीबीगंज क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने एसएसपी बरेली से शिकायत कर आरोप लगाया है कि उसके पति ने खुद को ‘राज गुप्ता’ बताकर पहले दोस्ती की, फिर हिंदू रीति-रिवाज से शादी की और बाद में अपनी असली पहचान छिपाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
पीड़िता के अनुसार, वह गाजियाबाद में नौकरी के दौरान संभल निवासी एक युवक के संपर्क में आई थी, जिसने खुद को राज गुप्ता और अनाथ बताया था। भरोसा होने पर दोनों ने करीब दो साल पहले मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। इस दौरान वह गर्भवती हुई और बाद में एक बेटी को जन्म दिया।
पीड़िता का आरोप है कि सोशल मीडिया पर अपनी शादी से जुड़े फोटो और वीडियो साझा करने के बाद उसे कुछ महिलाओं के फोन आए, जिन्होंने बताया कि उसका पति राज गुप्ता नहीं बल्कि मोहम्मद कयूम है। इसके बाद जब उसने इस बारे में पति से सवाल किया तो मामला बिगड़ गया।
आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद पति ने उस पर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम अपनाने और अपना व बेटी का नाम बदलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं और पंचायत बुलाकर दबाव बनाया गया।
महिला का यह भी आरोप है कि पंचायत के दौरान उसके साथ दुर्व्यवहार और जान से मारने की धमकी भी दी गई। किसी तरह वह वहां से निकलकर बरेली पहुंची और एसएसपी से शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी कार्यालय में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
No comments