Recent Posts

Breaking News

‘सरकार के पास महंगाई की मेलोडी…’, तेजस्वी यादव ने कहा- ‘महंगाई को रोकने की रेमेडी नहीं है’

पटना, बिहार। आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के पास महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस उपाय नहीं है।

तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास “महंगाई की मेलोडी” को रोकने की कोई “रेमेडी” नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है और महंगाई, गरीबी व बेरोजगारी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछले कई वर्षों में रुपये में लगातार गिरावट आई है और यह अब एशिया की सबसे कमजोर मुद्राओं में से एक बन गया है। उन्होंने 2013 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि देश की प्रति व्यक्ति आय और आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार भले ही बड़े दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। उन्होंने बिहार की आर्थिक स्थिति को भी चिंताजनक बताते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी और गरीबी तेजी से बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि एलपीजी, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता पर भारी बोझ पड़ रहा है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार के पास महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है और आम जनता की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में पीएम मोदी की विदेश यात्रा के दौरान दिए गए एक उपहार और उससे जुड़े वीडियो को लेकर भी विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है।

No comments