Recent Posts

Breaking News

तमिलनाडु में 200 यूनिट बिजली फ्री, महिलाओं के लिए सुरक्षा बल… मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने कर दिया बड़ा ऐलान.

 

चेन्नई। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शपथ लेते ही जनता को बड़ी सौगातें देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री पद संभालने के तुरंत बाद विजय ने अपने पहले आधिकारिक आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसमें 200 यूनिट मुफ्त बिजली, नशीली दवाओं के खिलाफ विशेष टास्क फोर्स और महिलाओं की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन व विशेष सुरक्षा बल के गठन जैसे अहम फैसले शामिल हैं।

तमिलगा वेत्री कझगम के प्रमुख विजय ने कहा कि उनकी सरकार का मुख्य ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों पर रहेगा। उन्होंने किसानों और मछुआरों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी गंभीरता से काम करेगी।

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने भावुक अंदाज में जनता को संबोधित किया। उन्होंने अपने पसंदीदा तमिल वाक्यांश “एन नेंजिल कुदियिरुक्कुम” से भाषण की शुरुआत की। यह वही वाक्य है, जिसे वह अपने फिल्मी करियर के दौरान प्रशंसकों से संवाद करते समय अक्सर इस्तेमाल करते रहे हैं।

अपने संघर्षों को याद करते हुए विजय ने कहा कि एक सहायक निर्देशक का बेटा आज तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बना है। उन्होंने कहा कि वह गरीबी और भूख को बहुत करीब से समझते हैं और किसी शाही परिवार से नहीं आते। विजय ने कहा कि जीवन में उन्होंने कई कठिनाइयों का सामना किया और अपमान भी झेला, लेकिन जनता ने उन्हें अपने बेटे और भाई की तरह अपनाया।

अपने संबोधन में विजय ने पिछली डीएमके सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार राज्य का खजाना खाली करके गई है और नई सरकार को लगभग १० लाख करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ के साथ काम शुरू करना पड़ रहा है।

विजय ने कहा कि उनकी सरकार जनता के पैसे का गलत इस्तेमाल नहीं होने देगी और न ही किसी को राज्य को लूटने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में अब वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय का नया दौर शुरू होगा।

मुख्यमंत्री ने अपने सहयोगी दलों और नेताओं का भी आभार जताया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रवीण चक्रवर्ती और वामपंथी नेता एम.ए. बेबी समेत सभी सहयोगियों को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद किए गए ये फैसले विजय सरकार की प्राथमिकताओं को साफ दिखाते हैं। जनता अब यह देखने को उत्सुक है कि फिल्मों से राजनीति में आए विजय अपने वादों को जमीन पर किस तरह उतारते हैं।

No comments