Recent Posts

Breaking News

गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग से परेशान 20 वर्षीय युवती ने दी जान; आरोपियों ने घर में घुसकर बनाया था अश्लील वीडियो

Gangrape Blackmailing Suicide: हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले के बिछौर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 20 वर्षीय युवती ने गैंगरेप और अश्लील वीडियो के जरिए की जा रही ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर अपनी जान दे दी। आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने उसे घर में अकेला पाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और बाद में वीडियो बनाकर उसे लगातार धमकाते रहे।

पुलिस शिकायत के अनुसार, 18 मई 2026 की रात युवती अपने घर में अकेली थी, तभी कुछ युवक दीवार फांदकर अंदर घुस आए। आरोप है कि उन्होंने उसे धमकाकर और मुंह बंद कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे और परिवार को जान से मार देंगे।

लगातार धमकियों और सामाजिक बदनामी के डर से युवती गहरे मानसिक तनाव में चली गई। परिजनों के अनुसार, उसने बाद में अपने साथ हुई पूरी घटना परिवार को बताई, जिसके बाद वह टूट गई। मंगलवार शाम उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर पीड़िता के शुरुआती बयान दर्ज किए गए थे। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। बिछौर थाना प्रभारी राजबीर ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर दो नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है और पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।

No comments