Recent Posts

Breaking News

‘कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाकर बनाया संबंध, 3 साल तक यौन शोषण…’ सुपरवाइजर पर गंभीर आरोप, युवक ने दी जान; 8 पन्नों के सुसाइड नोट से खुलासा

Haryana : हरियाणा में गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-2 क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी में कार्यरत बिहार के बेगूसराय निवासी राम पुकार ने आत्महत्या कर ली। मृतक ने मरने से पहले 8 पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपने सुपरवाइजर देवेंद्र कुमार पर शारीरिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, राम पुकार जनवरी 2022 से कंपनी में काम कर रहा था। सुसाइड नोट में उसने आरोप लगाया कि उसके सुपरवाइजर ने एक दिन कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर उसे पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और फिर उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा। पीड़ित का दावा है कि फरवरी 2022 से जुलाई 2023 तक उसका शोषण किया जाता रहा।

सुसाइड नोट में यह भी आरोप है कि बाद में सुपरवाइजर ने उससे पैसों की मांग शुरू कर दी और न देने पर पुलिस में अपने जानकारों के जरिए फंसाने की धमकी दी जाती थी। डर के चलते पीड़ित ने कई बार उसे पैसे भी दिए। साथ ही आरोप है कि उसे लगातार जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया जाता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पीड़ित पर अपनी पत्नी या किसी अन्य महिला को उपलब्ध कराने का दबाव बनाया, जिससे वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया। पीड़ित ने कंपनी के एचआर और मैनेजमेंट से शिकायत भी की थी और विभाग बदलने की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

परिजनों के अनुसार, राम पुकार ने यह सुसाइड नोट आत्महत्या से पहले अपने भाई को व्हाट्सएप पर भेजा था। इसके बाद उसने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि 30 घंटे बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई और पुलिस पर सुसाइड नोट में दर्ज कुछ हिस्सों को हटाने का दबाव बनाने के आरोप लगाए गए। इससे नाराज परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव को बिहार ले गए।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments