शादी में दूल्हे को नोटों की माला पहनाने से बचें! पुलिस ने जारी किया नया फरमान, अवैध नकदी मानकर होगी कार्रवाई

नूंह, हरियाणा। जिले में शादियों के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी और नोटों की मालाओं के जरिए किए जा रहे भव्य प्रदर्शन और फिजूलखर्ची पर अब पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नूंह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शादियों में बिना स्रोत के भारी नकदी दिखाने वालों से पैसे का पूरा ब्योरा लिया जाएगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो टैक्स चोरी और काले धन से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लिया सख्त संज्ञान
नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर अब ऐसी शादियों, सोशल मीडिया वीडियो और दिखावे की शान दिखाने वाले मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने साफ कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
नोटों की माला और नकदी प्रदर्शन पर निगरानी
पुलिस ने यह भी कहा है कि शादियों में नोटों की माला किराए पर देने और भारी नकदी प्रदर्शन के पीछे चल रहे नेटवर्क की भी जांच की जाएगी। ऐसे कारोबार से जुड़े लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
‘सोर्स बताना होगा वरना कार्रवाई तय’
पुलिस के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति भारी नकदी के स्रोत का संतोषजनक विवरण नहीं दे पाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें टैक्स चोरी और अन्य वित्तीय अनियमितताओं की जांच भी शामिल होगी।
समाज में गलत संदेश देने पर चिंता
पुलिस का कहना है कि इस तरह का दिखावा युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करता है और उन्हें मेहनत की बजाय अवैध कमाई की ओर आकर्षित कर सकता है। ऐसे सामाजिक व्यवहार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पहले भी उठ चुका है मुद्दा
गौरतलब है कि मीडिया रिपोर्टों में क्षेत्र में शादियों के दौरान हो रहे भव्य और भद्दे प्रदर्शन, नोटों की मालाओं और फिजूलखर्ची के मामलों को पहले भी प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद अब प्रशासन सक्रिय हुआ है।
No comments