Recent Posts

Breaking News

शादी के बाद सिर्फ 5 दिन साथ रहें… पहले पत्नी फिर पति की मौत, 28 दिन में टूट गया जन्मों का साथ

MP : मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने वाला नवविवाहित जोड़ा शादी के महज 28 दिन के भीतर हमेशा के लिए बिछड़ गया। पहले नई नवेली दुल्हन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली और फिर पत्नी की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाने पर पति ने भी दो दिन बाद अपनी जान दे दी।

इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिसने इस नवविवाहित जोड़े को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक मुरार थाना क्षेत्र के हुरावली लिंक रोड स्थित गेरू वाले बंगले के पास रहने वाली 23 वर्षीय मेघा उर्फ ज्योति की शादी 25 अप्रैल को गोला का मंदिर इलाके के पिंटो पार्क कुंज विहार कॉलोनी फेस-1 निवासी 26 वर्षीय सिद्धार्थ कांदिल से धूमधाम से हुई थी। परिवार वालों ने शादी को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

बताया जा रहा है कि शादी के बाद दोनों खुश थे। 1 मई को मेघा अपने मायके लौट आई थी और उस दौरान भी उसके व्यवहार में कोई असामान्य बात नजर नहीं आई। लेकिन 20 मई को अचानक घर में उस समय हड़कंप मच गया, जब मेघा की मां गीता पहली मंजिल पर बने कमरे में पहुंचीं और उन्होंने बेटी को फांसी के फंदे पर लटका देखा।

घटना के समय मेघा के पिता गुरुवीर सिंह एक रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। बेटी को इस हालत में देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में मेघा को नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार के समय तक उसके हाथों की शादी की मेहंदी भी फीकी नहीं पड़ी थी।

मेघा की मौत के बाद पति सिद्धार्थ गहरे सदमे में चला गया था। परिवार वालों के मुताबिक वह लगातार गुमसुम रहने लगा था और किसी से ठीक से बात भी नहीं कर रहा था। इसी बीच 22 मई को सिद्धार्थ ने भी अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना का पता तब चला जब उसके पिता परमाल सिंह ने सुबह उसे कमरे में नहीं देखा। काफी तलाश के बाद जब परिवार वाले बाथरूम के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। भतीजे श्यामवीर ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर सिद्धार्थ फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। शादी की खुशियां कुछ ही दिनों में मातम में बदल गईं। फिलहाल पुलिस दोनों आत्महत्याओं के पीछे की वजह जानने के लिए परिवार वालों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है।

No comments