कोर्ट रूम के अंधेरे में छिपा था जज का बेटा, अब 7 दिन की पुलिस रिमांड खोलेगी मौत का खौफनाक राज

Bhopal : मध्य प्रदेश के सबसे चर्चित और हाईप्रोफाइल ‘ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले’ में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और मृतका के पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस की कड़ी दलीलों को सुनने के बाद माननीय न्यायालय ने आरोपी समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
अब पुलिस हिरासत में आरोपी पति से सख्ती से पूछताछ की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इन 7 दिनों के भीतर ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े कई चौंकाने वाले राज और सबूत सामने आ सकते हैं। इससे पहले शुक्रवार को आरोपी समर्थ सिंह ने जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने का ड्रामा रचा था, जहां से उसे हिरासत में लिया गया था।
पीछे के दरवाजे से कोर्ट में एंट्री, मची अफरा-तफरी
शनिवार का दिन भोपाल जिला कोर्ट परिसर में भारी गहमा-गहमी वाला रहा। कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस ने आरोपी समर्थ सिंह का जेपी अस्पताल में कड़ा मेडिकल परीक्षण करवाया। इसके बाद भारी सुरक्षा के बीच उसे कोर्ट लाया गया।
अदालत के मुख्य गेट पर मीडिया की भारी मौजूदगी और कैमरों को देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस आरोपी समर्थ को मीडिया की नजरों से बचाकर कोर्ट के पीछे वाले गुप्त रास्ते से अंदर ले गई। इस अचानक हुई हलचल के कारण कुछ देर के लिए पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था।
मास्क पहनकर अंधेरे कोर्ट रूम में छुपा था जज का बेटा, वकील का बड़ा आरोप
इस हाईप्रोफाइल केस में तब एक नया मोड़ आ गया जब शुक्रवार को जबलपुर जिला अदालत में सरेंडर के नाम पर एक बड़ा ड्रामा देखने को मिला। पीड़ित पक्ष के वरिष्ठ वकील अनुराग श्रीवास्तव ने पुलिस और सिस्टम पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रिटायर्ड जज के बेटे को बचाने के लिए पर्दे के पीछे बड़ा खेल चल रहा था।
वकील अनुराग श्रीवास्तव का सनसनीखेज दावा:
जबलपुर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के एक कोर्ट रूम के अंदर सारी लाइटें बंद थीं। उस अंधेरे कमरे में आरोपी समर्थ सिंह चेहरे पर मास्क लगाकर बेहद आराम से बैठा हुआ था। उस वक्त माननीय जज अपनी सीट पर मौजूद नहीं थे, लेकिन वहां तीन क्लर्क बैठे थे। जब मैंने उन क्लर्कों से पूछा कि किस हैसियत और अधिकार से एक आरोपी को यहां छुपाकर बिठाया गया है, तो उनके पास कोई जवाब नहीं था। मुझे देखते ही समर्थ वहां से भागने लगा और उसके वकीलों ने मुझे धक्का भी दिया।
हालांकि, जबलपुर कोर्ट ने समर्थ को यह कहकर वापस लौटा दिया था कि वह भोपाल कोर्ट या जांच अधिकारी के सामने ही सरेंडर करे। इसके तुरंत बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए समर्थ को गिरफ्तार कर लिया और भोपाल ले आई।
12 मई की वो खौफनाक रात: मुझे टॉर्चर कर रहे हैं…और फिर फोन कट गया
मूल रूप से नोएडा की रहने वाली 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में ‘शादी डॉट कॉम’ (Shaadi.com) के जरिए भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के वकील बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही ट्विशा को नरक जैसी जिंदगी जीने पर मजबूर किया जा रहा था।
बीती 12 मई की रात को ट्विशा ने नोएडा में रह रही अपनी मां और भाई-बहनों को फोन किया था। वह रोते हुए अपनी आपबीती सुना रही थी। ट्विशा ने कहा था, “मुझे यहां बहुत टॉर्चर किया जा रहा है। मैंने अपनी नौकरी क्या छोड़ दी, ये लोग मुझे नाकारा और निकम्मी कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। मेरा जीना मुश्किल कर दिया है।
इसी बातचीत के दौरान अचानक ट्विशा का फोन कट गया। इसके ठीक दो घंटे बाद ट्विशा की सास (पूर्व जज गिरिबाला सिंह) ने नोएडा फोन कर बेहद ठंडे लहजे में कहा कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, पूर्व जज सास की तलाश तेज
ट्विशा के मायके वालों का साफ तौर पर कहना है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। उनका आरोप है कि मोटी रकम और दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
मायके पक्ष की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर भोपाल पुलिस ने आरोपी पति समर्थ सिंह और सास व पूर्व जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) का संगीन मामला दर्ज कर लिया है। समर्थ की रिमांड मिलने के बाद अब पुलिस इस मामले में उसकी मां की भूमिका और घटना की रात के साक्ष्यों को खंगालने में जुट गई है।
No comments