Recent Posts

Breaking News

“तेरी बेटी को तो मैंने बेच दिया…” खाटू श्याम दर्शन कराने के बहाने कानपुर की युवती का 3 लाख में सौदा! पुलिस ने खोला ‘खौफनाक राज’.

  

राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर सदर इलाके से मानवता को शर्मसार करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक 21 वर्षीय युवती को उसकी ही सहेली और सहेली के पति ने 3 लाख रुपये में बेच दिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के कानपुर (बर्रा) की रहने वाली है और एक फैक्ट्री में काम करती थी। 21 अप्रैल 2026 को उसकी सहेली और उसका पति उसे खाटू श्याम मंदिर दर्शन कराने के बहाने राजस्थान ले आए थे। परिवार को लगा कि बेटी सुरक्षित यात्रा पर गई है, लेकिन उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत अगवा कर लिया गया।

आरोप है कि युवती को सीकर के फतेहपुर सदर इलाके में एक मजदूर को 3 लाख रुपये में बेच दिया गया और बाद में फर्जी दस्तावेज बनाकर 30 अप्रैल को उसकी जबरन शादी भी करवा दी गई।

जब युवती घर नहीं लौटी तो मां ने सहेली से संपर्क किया, लेकिन बाद में सहेली ने फोन पर खुलासा किया कि उसने युवती को बेच दिया है और धमकी भी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

कानपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस की और राजस्थान पहुंचकर सीकर में दबिश दी। वहां से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया और युवती को डरा-धमकाकर रखा गया था। फिलहाल पुलिस इस मानव तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

No comments