लिव-इन पार्टनर को लेकर कुरुक्षेत्र में बवाल, पति और प्रेमी के बीच ‘महारभारत’ में फंसी 3 बच्चों की मां, पुलिस से मांगी मदद.

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव रावा में एक महिला को लेकर पति और उसके लिव-इन पार्टनर के बीच विवाद का मामला सामने आया है। तीन बच्चों की मां अपने पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। अब महिला को जबरन वापस ले जाने और मारपीट करने के आरोपों के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है।
छह महीने पहले हुई थी जान-पहचान
गांव रावा निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी लिव-इन पार्टनर की शादी करीब 15 साल पहले इस्माइलाबाद निवासी नायब सिंह के साथ हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
सोनू के अनुसार करीब छह महीने पहले उसकी महिला से जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। इसके बाद महिला अपनी मर्जी से पति का घर छोड़कर सोनू के साथ रहने लगी।
कोर्ट में कराया था लिव-इन रिलेशन का इकरारनामा
सोनू ने बताया कि दोनों गांव रावा में साथ रह रहे थे। पिछले महीने 7 अप्रैल को उन्होंने पिहोवा कोर्ट जाकर लिव-इन रिलेशन का इकरारनामा भी कराया था। यह दस्तावेज नोटरी के माध्यम से रजिस्टर्ड कराया गया था।
कुछ समय पहले महिला के पति और उसके परिवार ने थाना इस्माइलाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई। वहां सोनू ने अपने दस्तावेज पेश किए और महिला ने भी अपनी इच्छा से उसके साथ रहने की बात कही।
सोनू का दावा है कि उस समय महिला के पहले पति और उसके परिवार ने इस फैसले पर सहमति जता दी थी।
पंचायत में बच्चों को छोड़ने पर बनी सहमति
शिकायत के मुताबिक, 4 मई को महिला का पहला पति गांव में पंचायत लेकर पहुंचा। पंचायत में यह तय हुआ कि महिला अपने तीनों बच्चों को उनके पिता के पास छोड़ देगी। इस पर दोनों पक्ष राजी हो गए और महिला का पति बच्चों को उनके पास छोड़कर चला गया।
सोनू ने बताया कि उसने भी तीनों बच्चों को अपने साथ रखने पर सहमति दे दी थी।
दो दिन बाद घर पहुंचा पति पक्ष
सोनू ने आरोप लगाया कि पंचायत के दो दिन बाद महिला का पति, उसके परिवार के लोग और कुछ अन्य व्यक्ति उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर की महिलाओं के साथ झगड़ा किया और महिला के साथ दो बच्चों को जबरन अपने साथ ले गए।
हालांकि तीसरे बच्चे को वहीं छोड़ दिया गया। सोनू के अनुसार उस बच्चे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
गर्भवती भाभी से मारपीट का आरोप
सोनू ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी गर्भवती भाभी के साथ भी मारपीट की। जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने चेतावनी दी कि यदि महिला और बच्चों को वापस लाने की कोशिश की गई तो परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। साथ ही झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
No comments