Recent Posts

Breaking News

मदर्स डे पर ममता शर्मसार! बड़ी मम्मी ने 3 साल के भतीजे को उतारा मौत के घाट, वजह जानकर कांप जाएगी रूह.

 

दमोह : आज जब पूरी दुनिया ‘मदर्स डे’ (Mother’s Day) मनाकर मां की ममता को सलाम कर रही है, वहीं मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक ‘बड़ी मां’ ने अपने ही 3 साल के मासूम भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। जमीन के एक टुकड़े की भूख ने चाची को कातिल बना दिया। मासूम अनिरुद्ध की मौत की खबर ने पूरे महुआखेड़ा गांव को झकझोर कर रख दिया है।

आंगन से अचानक गायब हुआ मासूम, मची चीख-पुकार
हृदयविदारक घटना तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महुआखेड़ा की है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे माखन सिंह लोधी का 3 वर्षीय बेटा अनिरुद्ध अपने घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक गायब हो गया। काफी देर तक जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। बदहवास पिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपहरण की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आनंद कलादगी ने तुरंत पुलिस की विशेष टीमें गठित कर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।

70 फीट गहरा कुआं खंगाला, पर कातिल तो घर में ही थी
मासूम की तलाश में पुलिस ने दिन-रात एक कर दिया। थाना प्रभारी अरविंद सिंह और चौकी प्रभारी रमाशंकर मिश्रा की टीम ने रात भर गांव की खाक छानी। अगले दिन डॉग स्क्वॉड और SDRF की टीमों ने मोर्चा संभाला। गांव के एक 70 फीट गहरे कुएं को भी खाली करवाकर देखा गया, लेकिन अनिरुद्ध का कहीं पता नहीं चला। पुलिस को शक की सुई परिवार के ही कुछ सदस्यों पर घूमने लगी थी, जिसके बाद घेराबंदी शुरू हुई।

कचरे के ढेर में दबा मिला मासूम का शव, उगल दिया सच
शनिवार को पुलिस की जांच तब एक खौफनाक मोड़ पर पहुंची, जब घर से महज 20 मीटर दूर कचरे (घूरे) के ढेर में अनिरुद्ध का शव दबा हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल बड़े पिता भगवान सिंह और बड़ी मां राजकुमारी लोधी को हिरासत में लिया। जब राजकुमारी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने जो सच बताया वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था। राजकुमारी ने कबूल किया कि उसने जमीनी रंजिश का बदला लेने के लिए पहले अनिरुद्ध का गला घोंटा और फिर पत्थर से वार कर उसे मार डाला।

जमीन के टुकड़े के लिए बुझ गया घर का चिराग
एसपी आनंद कलादगी के मुताबिक, मृतक के पिता माखन सिंह और उनके भाई भगवान सिंह के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में अंधी होकर राजकुमारी ने मासूम बच्चे को अपना निशाना बनाया। जिस बच्चे को उसे अपनी गोद में खिलाना था, उसी की सांसें उसने अपने हाथों से छीन लीं। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गांव में आज सन्नाटा है और हर आंख नम है।

No comments