5 दिन बीत गए, कहां हैं मेरे पति? पुलिस कस्टडी पर पत्नी के संगीन आरोप, थाने के चक्कर काट रहा परिवार

Balrampur : देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत महादेव मिश्र में एक महिला पिछले 5 दिनों से अपने पति के इंतजार में दर-दर भटक रही है। पीड़िता किरन देवी ने मीडिया से गुहार लगाते हुए आरोप लगाया कि उसके पति दीपक कुमार को पुलिस उठाकर ले गई, लेकिन अब तक न तो उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है और न ही परिवार को उनसे मिलने दिया जा रहा है।
किरन देवी के अनुसार, उनके पति दीपक कुमार 28 अप्रैल को एक अन्य गांव में तिलक समारोह में कैमरा चलाने गए थे। वहीं से देहात कोतवाली पुलिस उन्हें पुराने एक मामले में उठाकर थाने ले आई। महिला का कहना है कि तब से अब तक उनके पति का कोई अता-पता नहीं है। परिवार कई बार थाने पहुंचा, लेकिन मिलने नहीं दिया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उनके पति के खिलाफ दर्ज मुकदमा झूठा है और पैसे के विवाद में यह केस दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले दीपक कुमार का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। ऐसे में उनकी अचानक गिरफ्तारी और लापता जैसी स्थिति ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है।
महिला ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं एक 10 साल की और दूसरी 3 साल की जो अपने पिता के इंतजार में हैं। परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है।
वहीं, इस मामले में जब देहात कोतवाली प्रभारी गिरजेश कुमार तिवारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि दीपक कुमार को पूर्व में दर्ज चोरी के मामले में हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चालान कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि यदि युवक हिरासत में है, तो उसे नियमानुसार समय पर न्यायालय में क्यों नहीं पेश किया गया और परिवार को उससे मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा। पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
No comments