कलयुगी मां ने 6 साल के मासूम बेटे का गला रेता, फिर खुद की भी जान लेने की कोशिश

Dubaula, Basti : कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुबौला चौकी इलाके के हरदीबाबू गांव में बुधवार सुबह करीब नौ बजे एक कलयुगी मां ने अपने ही छह वर्षीय बेटे प्रभव सिंह को कमरे के अंदर से सिटकिनी बंद कर धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी निर्मम हत्या कर दी और बाद में खुद को भी चाकू से गला रेत लिया।
हरदीबाबू गांव निवासी संदीप सिंह उर्फ शनी सिंह की शादी करीब सात-आठ साल पहले सहजनवा, गोरखपुर की कीर्ति सिंह के साथ हुई थी, जिनसे एक पुत्र प्रभव सिंह हुआ था, जिसे आज उसकी मां ने मौत की नींद सुला दिया। घटना के समय संदीप सिंह अपने मुर्गी फार्म पर गए हुए थे।
बच्चे के तेज-तेज रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने गुहार लगाई, लेकिन दरवाजा अंदर से सिटकिनी बंद होने के कारण कोई भी उसे बचा नहीं सका। संदीप सिंह के आने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी की आंखें भर आईं। बेड पर खून से लथपथ बेटे का शव पड़ा था और पत्नी कीर्ति के गले पर चाकू से वार के निशान थे।
यह खबर मिनटों में लोगों की जुबान पर आ गई। सूचना पर दुबौला चौकी इंचार्ज विवेकानंद तिवारी सबसे पहले मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सभी वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।
घायल महिला को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की सूचना पर भारी संख्या में ग्रामीण और आसपास के गांवों के लोग मौके पर जुट गए। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
No comments