‘थोड़ा सीख लो यार…’, रूबियो के भारत दौरे पर ईरान ने कसा तंज, कहा- ‘सभ्यता का क्रैश कोर्स फ्री में मिल जाएगा’

कोलकाता। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो शनिवार को चार दिवसीय भारत यात्रा पर कोलकाता पहुंचे। यह यात्रा वैश्विक भू-राजनीतिक हालात और मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच बेहद अहम मानी जा रही है। उनके दौरे का उद्देश्य भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना बताया जा रहा है।
रूबियो ने कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वह भारत पहुंच चुके हैं और एक शानदार यात्रा की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें वे विमान से उतरते नजर आए।
ईरान की टिप्पणी से बढ़ा विवाद
इसी पोस्ट को लेकर विवाद तब खड़ा हुआ जब मुंबई स्थित ईरान के दूतावास कार्यालय ने उस तस्वीर को रीपोस्ट करते हुए तंज भरी टिप्पणी कर दी। ईरानी प्रतिनिधि ने लिखा कि “थोड़ा सीख लो यार, सभ्यता का क्रैश कोर्स फ्री में मिल जाएगा”, जिसे अमेरिकी विदेश मंत्री की पोस्ट पर अप्रत्यक्ष कटाक्ष माना जा रहा है।
इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक और कूटनीतिक बहस तेज हो गई है।
भारत-अमेरिका संबंधों पर अहम दौरा
मार्को रूबियो की यह यात्रा भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा सुरक्षा, रक्षा सहयोग, व्यापार और तकनीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने की कोशिश में हैं।
क्वाड बैठक के लिए भी अहम भारत यात्रा
यह दौरा क्वाड (Quad) देशों भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों की बैठक से भी जुड़ा है। इस बैठक का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना और क्षेत्र में बढ़ते चीन के प्रभाव को संतुलित करना बताया जा रहा है।
कूटनीतिक हलचल तेज
रूबियो के भारत दौरे और ईरान की टिप्पणी के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा आने वाले समय में भारत-अमेरिका संबंधों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
No comments