Recent Posts

Breaking News

ईद से पहले विवादित बकरा बाजार पर कार्रवाई, नगर निगम ने रद्द किया पार्क आवंटन

New Delhi : दिल्ली गेट रामलीला मैदान के पास स्थित नेहरू हिल पार्क में लगाए गए बकरा बाजार को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं ने विरोध जताया है। इसी बीच नगर निगम ने पार्क के आवंटन को रद्द कर दिया है। इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि माता सुंदरी रोड स्थित नेहरू हिल पार्क में पहली बार ईद के मौके पर बकरा बाजार लगाया गया, जिससे इलाके के लोग नाराज हो गए हैं। उनका कहना है कि नगर निगम ने एक कथित फर्जी आरडब्ल्यूए के नाम पर 21 मई से 27 मई तक पार्क का आवंटन कर दिया था। आरोप यह भी लगाया गया कि आवंटन रसीद में कहीं भी बकरा बाजार लगाने का उल्लेख नहीं था। साथ ही दबाव बनाकर अवैध कब्जे को वैध करने की कोशिश की गई।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में इस मिश्रित आबादी वाले इलाके के पार्क में कभी बकरा बाजार नहीं लगा है। ऐसे समय में जब दिल्ली सरकार सार्वजनिक स्थानों पर पशु काटने की अनुमति नहीं देने की बात कह रही है, तब पार्क का आवंटन पूरी तरह गलत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस आवंटन को तत्काल रद्द करने की मांग की थी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है, जबकि मामले को लेकर अब सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली की मुख्यमंत्री से मुलाकात और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विभाग ने एक आदेश जारी कर नेहरू हिल पार्क की बुकिंग तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। साथ ही आदेश में कहा गया है कि पार्क में अनुमति की शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा था, जिसके चलते आवंटन वापस लिया गया है। संबंधित पक्ष को तुरंत स्थल खाली करने और सभी गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments