पहले से कर रखी थी लव मैरिज… दहेज के लालच में की दूसरी शादी, जब राज खुला तो बाथरूम में पत्नी की हत्या कर दी

- मानेसर मधु हत्याकांड में नया खुलासा, परिवार ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
हरियाणा, गुरुग्राम। मानेसर में हुए मधु हत्याकांड में चार दिन बाद भी आरोपी पति अंकित भगत और उसकी कथित प्रेमिका फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
यह मामला बस स्टैंड के पास एक बिल्डिंग के कमरे के बाथरूम में हुई हत्या से जुड़ा है, जहां महिला मधु की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
परिवार का बड़ा आरोप: पहले से किया था प्रेम विवाह
मृतका के मायके पक्ष ने आरोपी पति अंकित भगत पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि अंकित ने पहले से ही एक युवती से गुपचुप प्रेम विवाह कर रखा था।
परिजनों के अनुसार, बाद में उसने दहेज के लालच में आकर मधु से शादी की थी। अब आशंका जताई जा रही है कि जब मधु को उसके पुराने रिश्ते की जानकारी हुई, तो विवाद बढ़ गया और उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
CCTV से मिली अहम कड़ी
21 मई को सीसीटीवी फुटेज में अंकित को मधु के साथ स्कूटी पर जाते हुए देखा गया था। पुलिस को शक है कि वह उसे अपनी कथित प्रेमिका के कमरे में ले गया, जहां हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
इसके बाद 21 मई के बाद से मधु लापता थी और 24 मई को पुलिस ने तलाशी के दौरान उसका शव बाथरूम से बरामद किया।
पुलिस जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर दबिश दी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम सभी पहलुओं पर काम कर रही है, जिसमें प्रेम संबंध, आर्थिक कारण और संभावित साजिश के एंगल शामिल हैं।
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल यह हत्याकांड इलाके में चर्चा और सनसनी का विषय बना हुआ है।
No comments