Recent Posts

Breaking News

हिमाचल के कई जिलों में ड्राई होने लगे पेट्रोल पंप, वाहन चालकों को खाली हाथ भेज रहे आपरेटर, बढ़ रही परेशानी


हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंप ड्राई होने लगे हैं। सप्लाई पूरी न आने के कारण कई जगहों पर पेट्रोल पंप खाली हो गए हैं, तो कई जगह खाली होने के कगार पर हैं। प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। मनाली, रामपुर, बरमाणा, दाड़लाघाट में पेट्रोल पंपों पर ट्रकों को पूरा डीजल नहीं मिल रहा है। 

हालात ऐसे हो गए हैं कि भद्राश से लेकर किन्नौर सीमा के बधाल तक नेशनल हाईवे पर स्थित सात में से पांच पेट्रोल पंप खाली हो गए हैं। तेल नहीं मिलने से लोगों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। निरसू, दत्तनगर, पाटबंगला, ज्यूरी और बधाल के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहा है। वहीं रामपुर शहर के खनेरी पेट्रोल पंप पर सीमित मात्रा में तेल दिया गया।

यहां छोटे वाहनों को केवल 500 रुपए तक का पेट्रोल ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि बड़ी गाडिय़ों को जरूरत के अनुसार डीजल दिया जा रहा है। तेल की कमी को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर सख्ती बढ़ा दी गई है और बोतलों व कैनियों में पेट्रोल-डीजल भरने पर रोक लगा दी गई है। 

तेल की कमी का असर आम लोगों के साथ-साथ बागबानों पर भी पड़ रहा है। खेती और बागबानी कार्यों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के लिए ईंधन नहीं मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर तेल कंपनियां क्षेत्र में पर्याप्त आपूर्ति होने का दावा कर रही हैं, लेकिन जमीनी स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है।

No comments