सामने था प्रतीक यादव का शव… बेटियों को सीने से लगाकर रोती रहीं अपर्णा यादव, भाई को याद कर भावुक हुए अखिलेश यादव, बोले- ‘अब वो हमारे बीच नहीं हैं…’

Prateek Yadav : लखनऊ। प्रतीक यादव के अचानक निधन के बाद यादव परिवार गहरे सदमे में है। परिवार के घर का माहौल पूरी तरह गमगीन है। सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाली तस्वीरें उस समय सामने आईं, जब पत्नी अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों को सीने से लगाए पति के पार्थिव शरीर को एकटक देखती रहीं। उनकी आंखों से लगातार आंसू बहते रहे और वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायाम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की बुधवार सुबह अचानक मौत हो गई थी। इस खबर के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई।
दुख की घड़ी में पहुंचे सीएम योगी
प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलते ही योगी आदित्यनाथ भी परिवार को सांत्वना देने उनके आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और अपर्णा यादव व उनकी बेटियों को ढांढस बंधाया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने परिवार से कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। इस दौरान घर का माहौल बेहद भावुक नजर आया।
भाई की मौत से टूटे अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी छोटे भाई की मौत से बेहद दुखी दिखाई दिए। खबर मिलते ही वह तुरंत भाई के घर पहुंचे और बाद में पोस्टमार्टम हाउस भी गए। मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, “यह बेहद दुखद है कि वह आज हमारे बीच नहीं हैं। परिवार के लोग जो निर्णय लेंगे, हम उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे।” शाम को उन्होंने भारी मन से छोटे भाई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ
प्रतीक यादव की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत “मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म” के कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स से हुई। हालांकि, जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस और मेडिकल टीम आगे की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
नेताओं और समर्थकों का लगा तांता
प्रतीक यादव को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए राजनीतिक और सामाजिक जगत के कई बड़े चेहरे पहुंचे। बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक भी उनके आवास पर मौजूद रहे। हर किसी की आंखें नम थीं और परिवार को सांत्वना देने वालों का लगातार आना-जाना लगा रहा।
यादव परिवार के लिए यह क्षण बेहद पीड़ादायक रहा, जहां एक ओर राजनीतिक हस्तियां श्रद्धांजलि दे रही थीं, वहीं दूसरी ओर अपर्णा यादव अपनी बेटियों को संभालते हुए खुद टूटती नजर आईं।
No comments