बहराइच में सियासी उबाल: रिश्तेदार की संदिग्ध मौत पर भड़कीं भाजपा विधायक , हत्या का आरोप लगा आधी रात को किया हंगामा

बहराइच : जनपद के थाना रूपईडीहा क्षेत्र में एक संदिग्ध मौत को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा विधायक सरोज सोनकर अपने रिश्तेदार की मौत के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर आधी रात मौके पर पहुंचीं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
बताया जा रहा है कि विधायक के रिश्तेदार का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या (हैंगिंग) मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, परिजनों ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसे हत्या का मामला बताया है।
परिजनों का आरोप है कि पहले हत्या की गई और फिर शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। इस संबंध में ग्राम प्रधान समेत 5 नामजद और 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, विधायक सरोज सोनकर के मौके पर पहुंचने के बाद आधी रात को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मामले में निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।
No comments