Recent Posts

Breaking News

रील का नशा, लग्जरी लाइफ की भूख और फिर खौफनाक कत्ल… कौन है कातिल हसीना रीना किरार; जिसके खूनी खेल को देख पुलिस भी रह गई हैरान

रायसेन : मध्य प्रदेश के क्राइम जगत में इन दिनों एक ऐसी सनसनीखेज दास्तान की चर्चा हो रही है, जिसने इंदौर के चर्चित ‘सोनम कांड’ को भी पीछे छोड़ दिया है। यह कहानी है रीना किरार की, जो सोशल मीडिया की चकाचौंध, रील बनाने के पागलपन, दो प्रेमियों के बीच बेवफाई की जंग और आखिरकार एक रूह कंपा देने वाले हत्याकांड के मोड़ पर आकर खत्म हुई। सोशल मीडिया पर ग्लैमरस और आलीशान जिंदगी की नुमाइश करने वाली इस ‘हसीना’ की असलियत जब रायसेन पुलिस ने उजागर की, तो हर कोई सन्न रह गया। एक त्रिकोणीय प्रेम कहानी (Love Triangle) का ऐसा खौफनाक अंत हुआ कि जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। पुलिस ने इस मामले में रीना किरार, उसके पहले प्रेमी अरुण पटेल और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

16 साल की उम्र में शादी, पर नहीं भरा मन; पुराने आशिक के पास लौट आई रीना
रीना किरार की जिंदगी किसी डार्क थ्रिलर फिल्म जैसी है। उसका जन्म नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा के एक छोटे से गांव में हुआ था। बचपन में ही माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद मौसी ने उसकी परवरिश की। अभावों में पली-बढ़ी रीना के सपने बहुत बड़े थे और उसे हर हाल में अमीर बनना था। गांव के ही अरुण पटेल से उसका बचपन का प्यार था, लेकिन बदनामी के डर से परिजनों ने महज 16 साल की उम्र में उसकी शादी कहीं और कर दी। शादी के 13 साल बीत गए और उसका एक बेटा भी हुआ, लेकिन रीना का मन पति के साथ नहीं लगा। वह अपने बच्चे को लेकर वापस अपने पुराने अमीर प्रेमी अरुण पटेल के पास लौट आई।

इंस्टाग्राम रील्स से शुरू हुआ ‘दूसरे प्रेमी’ वीरू जाट का खूनी खेल
पहले प्रेमी अरुण पटेल ने रीना पर दौलत की ऐसी बारिश की कि उसकी जिंदगी रातों-रात बदल गई। रीना इन तमाम सुख-सुविधाओं और अपनी लग्जरी लाइफ की झलक इंस्टाग्राम (Instagram Reels) पर वीडियो बनाकर दिखाती थी। देखते ही देखते वह सोशल मीडिया स्टार बन गई। इसी रील के नशे के बीच उसकी जिंदगी में राजस्थान के रहने वाले ‘दूसरे प्रेमी’ वीरू जाट की एंट्री हुई। वीरू सोशल मीडिया पर रीना की तस्वीरों और रीलों पर लगातार रोमांटिक कमेंट्स करता था। धीरे-धीरे यह डिजिटल नजदीकियां प्यार में बदल गईं और वीरू राजस्थान से अक्सर रीना से मिलने नरसिंहपुर आने लगा। जब पहले प्रेमी अरुण को इस बेवफाई की भनक लगी, तो उसने रीना के साथ मिलकर वीरू को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।

बोरी में बंद मिली लाश, कातिलों ने सोचा बच निकलेंगे, लेकिन बच्चे की ‘रफ कॉपी’ ने खोल दिया राज
7 मई को रायसेन जिले में एक पुल के नीचे बोरी में बंद एक युवक की सड़ी-गली लाश मिली। मृतक के हाथ बंधे थे और मुंह पर पैकिंग टेप चिपका हुआ था। शिनाख्त करने पर पता चला कि यह लाश राजस्थान के वीरू जाट की है। कातिलों ने सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन वे एक छोटी सी गलती कर बैठे। लाश के पास मिले एक बैग में एक बच्चे की स्कूल वाली ‘रफ कॉपी’ रखी हुई थी।

उसी कॉपी पर स्कूल टीचर के साइन (हस्ताक्षर) मौजूद थे। रायसेन पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उस साइन का पीछा किया, तो वे नरसिंहपुर के साईंखेड़ा स्थित एक स्कूल में जा पहुंचे। स्कूल रिकॉर्ड से खुलासा हुआ कि यह कॉपी किसी और की नहीं बल्कि रीना किरार के 10 वर्षीय बेटे की है। जब पुलिस रीना के घर पहुंची तो वहां ताला लटका था, लेकिन पुलिस ने मोबाइल लोकेशन (Technical Surveillance) के जरिए रीना, अरुण और उसके साथी को उज्जैन से दबोच लिया।

करोड़ों की एफडी, 45 लाख का मकान, 670 ग्राम सोना… रीना की ऐश-ओ-आराम की खुली परतें
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि अरुण पटेल एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और उसके पास भारी पैतृक संपत्ति भी थी। रीना को अपनी उंगलियों पर नचाने और उसे खुश रखने के लिए अरुण ने पानी की तरह पैसा बहाया था। पुलिस जांच में जो दस्तावेज मिले हैं, उनके अनुसार रीना के नाम पर करोड़ों रुपये की बैंक एफडी (FD), लगभग 45 लाख रुपये का एक आलीशान मकान, 670 ग्राम सोने के भारी जेवर, लग्जरी कारें और महंगे स्मार्टफोन थे। रीना सोशल मीडिया पर इन्हीं सब चीजों का दिखावा करती थी, जो आखिरकार वीरू जाट की मौत का कारण बना।

बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर की हत्या, 40 फीट नीचे खाई में फेंका शव
हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि रीना ने साजिश के तहत वीरू जाट को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया था। वहां पहले से ही गुस्से में आगबबूला अरुण पटेल और उसका एक भाड़े का साथी छिपा हुआ था। जैसे ही वीरू घर के अंदर आया, तीनों ने मिलकर उस पर बेसबॉल बैट (Baseball Bat) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण वीरू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने लाश को छुपाने के लिए उसे बोरी में बंद किया और कार से रायसेन ले जाकर एक सुनसान पुल से 40 फीट नीचे फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी पैरवी कर रही है।







No comments