Recent Posts

Breaking News

बकरीद पर कुर्बानी से बच गया ‘डोनाल्ड ट्रंप भैंसा’, जानिए क्यों सरकार को देनी पड़ी दखल

Donald Trump Buffalo : बांग्लादेश के ढाका में इन दिनों एक अनोखा भैंसा सोशल मीडिया और लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है। ‘डोनाल्ड ट्रंप’ निकनेम से मशहूर इस दुर्लभ एल्बिनो भैंसे की बकरीद पर कुर्बानी होनी थी, लेकिन अंतिम समय में सरकार के हस्तक्षेप के बाद उसकी जान बचा ली गई। सुनहरे बालों वाले इस खास भैंसे को अब ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर भेजा जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग 700 किलोग्राम वजनी यह एल्बिनो भैंसा अपने अलग रंग और शांत स्वभाव की वजह से लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया था। आमतौर पर बांग्लादेश में भैंसों का रंग काला होता है, लेकिन यह भैंसा सुनहरे रंग और सिर पर बालों के खास गुच्छे के कारण सबसे अलग नजर आता है। इसी वजह से इसका नाम अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखा गया।

सरकार ने क्यों रोकी कुर्बानी

बताया गया कि ईद उल अजहा के मौके पर इस भैंसे को पहले ही कुर्बानी के लिए बेच दिया गया था। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और लोगों की बढ़ती दिलचस्पी के बाद प्रशासन सतर्क हो गया। बड़ी संख्या में लोग इस भैंसे को देखने फार्म पर पहुंचने लगे, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए भैंसे की कुर्बानी रोकने और खरीदार को पैसे वापस करने के निर्देश दिए। साथ ही इस भैंसे को सुरक्षित रखने के लिए ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में भेजने का फैसला लिया गया।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि लोगों की असामान्य रुचि और सुरक्षा कारणों को देखते हुए अंतिम समय में यह फैसला लेना पड़ा।

कैसे पड़ा ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम

भैंसे के मालिक जियाउद्दीन मृधा ने बताया कि इसका नाम उनके छोटे भाई ने रखा था। उसके मुताबिक भैंसे के सुनहरे बाल और चेहरे की बनावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलती-जुलती लगी, इसलिए उसे मजाक में ‘डोनाल्ड ट्रंप’ कहना शुरू कर दिया गया। बाद में यही नाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मृधा ने बताया कि यह भैंसा बेहद शांत स्वभाव का है और इसकी खास देखभाल करनी पड़ती है। इसे समय-समय पर खाना खिलाना और नियमित रूप से नहलाना जरूरी होता है।

सोशल मीडिया पर बना आकर्षण का केंद्र

वीडियो वायरल होने के बाद यह भैंसा पूरे बांग्लादेश में चर्चा का विषय बन गया। लोग दूर-दूर से इसे देखने फार्म पर पहुंचने लगे। कई लोगों ने इसे दुर्लभ और खास बताते हुए इसकी कुर्बानी न करने की मांग भी उठाई थी। आखिरकार सरकार के फैसले के बाद ‘डोनाल्ड ट्रंप भैंसा’ की जान बच गई।

No comments