मौत से ठीक पहले का हैप्पी वीडियो वायरल, सास गिरिबाला सिंह के दावों पर उठे बड़े सवाल

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का चर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड केस हर दिन एक नया और पेचीदा मोड़ लेता जा रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर ट्विशा शर्मा का एक बेहद भावुक और हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है और मृतका के ससुराल पक्ष के दावों पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
वायरल हो रहे इस नए वीडियो में ट्विशा शर्मा अपने घर के लिविंग रूम में बेहद खुश और जिंदगी को खुलकर जीती नजर आ रही हैं। वह एक भजन की मधुर धुन पर मगन होकर डांस करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो की सबसे भावुक कर देने वाली बात यह है कि इस दौरान उनका पालतू डॉग भी उनके साथ खेलता और झूमता नजर आ रहा है। पूरे वीडियो में ट्विशा के चेहरे पर एक स्वाभाविक मुस्कान है और वह कहीं से भी तनावग्रस्त या डिप्रेशन में नहीं दिख रहीं।
सास गिरिबाला सिंह के दावों पर उठे बड़े सवाल
इस वीडियो ने इसलिए तूल पकड़ लिया है क्योंकि इससे पहले ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने उन पर ड्रग्स लेने और गंभीर मानसिक बीमारी से जूझने के आरोप लगाए थे। लेकिन वायरल वीडियो में ट्विशा को इस तरह सामान्य और खुशहाल देखकर लोग अब सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सच क्या है?
जो लड़की अपने पालतू डॉग और भगवान के भजनों में इतनी मगन और खुश थी, वह अचानक सुसाइड जैसा आत्मघाती कदम कैसे उठा सकती है? इस वीडियो के सामने आने के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष की थ्योरी पूरी तरह सवालों के घेरे में आ गई है।
पद से हटाई जा सकती हैं पूर्व जज गिरिबाला सिंह
इस बीच ट्विशा के मायके वालों की शिकायत और राज्यपाल को भेजे गए पत्र के बाद प्रशासन ने आरोपी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गिरिबाला सिंह इस समय जिला उपभोक्ता फोरम (कंज्यूमर फोरम) भोपाल बेंच-2 की अध्यक्ष पद पर तैनात हैं।
मामला खाद्य आपूर्ति विभाग के अंतर्गत आने के कारण विभाग के उप सचिव ने रजिस्ट्रार राज्य उपभोक्ता आयोग को एक कड़ा पत्र लिखा है। इस पत्र में उपभोक्ता संरक्षण नियम 2020 के उप नियम 9 (2) के तहत गिरिबाला सिंह के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले की जांच कर जल्द से जल्द रिमूवल (पद से हटाने) का प्रतिवेदन मांगा गया है, जिससे उनकी कुर्सी जाना लगभग तय माना जा रहा है।
1 घंटे का वो रहस्यमयी घटनाक्रम और आखिरी फोन कॉल
इस पूरे मामले में पुलिस द्वारा गठित की गई एसआईटी (SIT) के हाथ एक अहम सीसीटीवी फुटेज भी लगा है। फुटेज में 12 मई को ट्विशा हाथ में हेडफोन लिए बेहद सामान्य स्थिति में बिल्डिंग की सीढ़ियों से छत की तरफ जाती दिखती हैं। लेकिन इसके ठीक एक घंटे बाद उनके पति समर्थ और तीन अन्य लोग उन्हें बेसुध हालत में नीचे लाते हैं।
वह छत पर जिमनास्टिक बेल्ट से लटकी पाई गई थीं। ट्विशा की मां के अनुसार, छत पर पहुंचने के बाद ट्विशा ने उन्हें फोन किया था और ससुराल की प्रताड़ना का जिक्र कर रही थीं। इसी दौरान फोन पर पीछे से किसी शख्स की तेज आवाज आई (जो संभवतः पति समर्थ की थी) और कॉल अचानक कट गया। फिलहाल, आरोपी सास गिरिबाला अग्रिम जमानत पर बाहर हैं, जबकि मुख्य आरोपी पति समर्थ मौत के बाद से ही फरार चल रहा है, जिस पर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी है।
No comments