‘अब मौत ही सही’… इंस्टाग्राम वाली बहू की रील और पहनावे से तंग आकर सास-ससुर ने खाया सल्फास, दोनों की मौत

पनीपत : हरियाणा के पानीपत जिले के नारा गांव में सोशल मीडिया विवाद और पारिवारिक कलह ने एक दर्दनाक रूप ले लिया। इंस्टाग्राम रील्स और आधुनिक जीवनशैली को लेकर हुए विवाद के बाद एक दंपत्ति ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय राजेश और 44 वर्षीय सुमन के बेटे आशीष ने करीब 15 महीने पहले दिल्ली की स्नेहा से प्रेम विवाह किया था। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही घर में तनाव बढ़ने लगा। आरोप है कि बहू स्नेहा के वेस्टर्न कपड़ों में रहने और इंस्टाग्राम पर रील बनाने की आदत को लेकर ससुराल पक्ष नाराज था, जिससे घर में लगातार विवाद होने लगे।
परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग दंपत्ति ने जब बहू को इस व्यवहार के लिए टोका तो विवाद और बढ़ गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण रहने लगा। वहीं, परिवार का यह भी आरोप है कि बेटा अपनी पत्नी का पक्ष लेता था, जिससे माता-पिता और अधिक आहत हो गए थे।
शनिवार दोपहर को घर में एक बार फिर विवाद हुआ, जिसके बाद राजेश और सुमन ने कथित रूप से सल्फास निगल लिया। दोनों को तुरंत Panipat Civil Hospital ले जाया गया, जहां सुमन को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर हालत में राजेश को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान रविवार सुबह उनकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद मतलौडा पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में बहू स्नेहा के साथ उसकी मां, पिता और बहन को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी राकेश कुमार के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती खाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
No comments