Recent Posts

Breaking News

शराब के नशे में खूनी खेल: कलयुगी बेटे ने मां की हत्या कर कुएं में लगाई छलांग, इलाज के दौरान मौत

महेंद्रगढ़ (हरियाणा)  : शहर के एक मोहल्ले में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 45 वर्षीय युवक ने कथित रूप से अपनी 70 वर्षीय मां की हत्या करने के बाद कुएं में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

मृतका की पहचान 70 वर्षीय ब्रह्मा देवी के रूप में हुई है। मोहल्ले के लोगों ने घर में संदिग्ध परिस्थितियां देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो वृद्ध महिला का शव कंबल में लिपटा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का बेटा शराब का आदी था और घटना के समय भी नशे में था। आशंका जताई जा रही है कि उसने नशे की हालत में अपनी मां की हत्या की और बाद में पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से युवक को कुएं से बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments