Recent Posts

Breaking News

होटल में ले जाकर भरी मांग, फिर किया दुष्कर्म… युवती से बोला- लो बन गए पति-पत्नी, दरिंदगी की हदें की पार

ग्वालियर। ग्वालियर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर एक कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने और उसके आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पड़ाव थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा की दोस्ती कुछ समय पहले मुरैना जिले के कैलारस निवासी अभिषेक जादौन से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने छात्रा से शादी का वादा किया।

वृंदावन ले जाकर रचाया पति-पत्नी का नाटक

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे घूमाने के बहाने वृंदावन ले गया, जहां दोनों एक होटल में कई दिनों तक रुके। इसी दौरान आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर खुद को उसका पति बताया और जल्द शादी करने का भरोसा दिया।

छात्रा ने आरोप लगाया कि बाद में आरोपी ने उसके खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए।

VIDEO वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण

पीड़िता के मुताबिक, ग्वालियर लौटने के बाद आरोपी उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी ने कई होटलों और अन्य स्थानों पर उसे बुलाकर शारीरिक शोषण किया।

जब छात्रा और उसके परिवार ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने छात्रा के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद पीड़िता परिवार के साथ पड़ाव थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी अभिषेक जादौन के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।

एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है।

No comments