‘साहब! किसी और से अश्लील बातें कर रही थी, मैंने उसका गला घोंट दिया…’ प्रेमिका की हत्या कर थाने पहुंचा प्रेमी, पुलिस से बोला- ‘उसका मन मुझसे भर गया था’

Fatehpur : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपी ने पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल करते हुए कहा, “साहब! मैंने उसका गला घोंट दिया है…”। आरोपी की बात सुनकर पहले तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए, जिसके बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया गया।
यह पूरा मामला फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक की पहचान विजय कुमार रैदास के रूप में हुई है। वहीं मृतका का नाम ललिता बताया गया है, जो असोथर थाना क्षेत्र के कैथन पुरवा गांव की रहने वाली थी।
पति से अलग होने के बाद शुरू हुआ रिश्ता
जानकारी के अनुसार ललिता की शादी कुछ वर्ष पहले थरियांव थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव में हुई थी। लेकिन शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा और ललिता अपने पति से अलग रहने लगी। इसी दौरान उसकी नजदीकियां विजय कुमार रैदास से बढ़ीं और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विजय और ललिता पिछले करीब दो साल से एक साथ रह रहे थे। गांव में भी दोनों के रिश्ते की चर्चा होती रहती थी।
प्रेमी बोला- साहब, उसका मन मुझसे भर गया था
पुलिस पूछताछ में आरोपी विजय ने बताया कि पिछले कुछ समय से ललिता का व्यवहार बदल गया था और उसे शक था कि वह किसी अन्य युवक के संपर्क में है। शुक्रवार दोपहर उसने ललिता को मोबाइल पर किसी युवक से अश्लील बातचीत करते सुन लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद गुस्से में आकर विजय ने ललिता का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे लिलौली थाने पहुंचा और पुलिस के सामने खुद को सरेंडर कर दिया।
आरोपी का कबूलनामा सुनकर चौंकी पुलिस
थाने पहुंचकर विजय ने पुलिस से कहा कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है। शुरुआत में पुलिस को उसकी बात पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब आरोपी ने पूरी घटना विस्तार से बताई तो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां कमरे में ललिता का शव पड़ा मिला।
इसके बाद गाजीपुर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर आरोपी विजय कुमार रैदास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। वहीं इस वारदात ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और घरेलू विवादों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
No comments