नाबालिग लड़की को शादीशुदा महिला से हुआ प्यार..! एक ने की आत्महत्या की कोशिश, थाने पर रातभर चला हंगामा; लेस्बियन रिलेशनशिप से परिवार परेशान.

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में एक शादीशुदा महिला और नाबालिग किशोरी के बीच कथित प्रेम संबंध का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। परिवारों के विरोध के बावजूद दोनों एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। लेस्बियन रिलेशनशिप का मामला इतना बढ़ गया कि किशोरी ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास कर लिया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ शहर के समीप स्थित एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी का परिचय उसी क्षेत्र में रहने वाली 28 वर्षीय शादीशुदा महिला से हुआ था। महिला का एक छोटा बच्चा है, जबकि उसका पति नौकरी के सिलसिले में अधिकांश समय दूसरे शहर में रहता है। बताया जा रहा है कि किशोरी अपने रिश्तेदारों के यहां अक्सर आती-जाती थी, जहां उसकी मुलाकात महिला से हुई और दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ।
समय के साथ दोनों की दोस्ती गहरी होती गई और कथित तौर पर यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। परिवारों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया और दोनों को अलग रहने की सलाह दी। परिजनों ने कई तरह की पाबंदियां भी लगाईं, लेकिन दोनों अपने फैसले पर कायम रहीं।
परिवार के विरोध से आहत होकर किशोरी ने उठाया बड़ा कदम
बताया जा रहा है कि परिवारों के लगातार विरोध और अलग किए जाने की कोशिशों से किशोरी मानसिक रूप से परेशान हो गई। चार दिन पहले उसने कथित रूप से खाई में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि समय रहते उसे बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
थाने में रातभर चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
बुधवार रात दोनों परिवारों के सदस्य झूलाघाट थाने पहुंचे, जहां देर रात तक बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा। पुलिस अधिकारियों ने किशोरी और महिला दोनों को कानूनी पहलुओं, उम्र संबंधी नियमों, सामाजिक परिस्थितियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाने का प्रयास किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों अपने रिश्ते को लेकर अडिग रहीं और साथ रहने की इच्छा जताती रहीं। इससे थाने में कई घंटों तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस ने की काउंसलिंग, नाबालिग को भेजा वन स्टॉप सेंटर
झूलाघाट थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोरी की काउंसलिंग कराई गई है। उसकी सुरक्षा और मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां विशेषज्ञ उसकी देखभाल और परामर्श देंगे।
वहीं शादीशुदा महिला को कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए चेतावनी दी गई है और उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस कर रही मामले की निगरानी
पुलिस का कहना है कि चूंकि मामले में एक पक्ष नाबालिग है, इसलिए सभी कानूनी और संवेदनशील पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों परिवारों से भी लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।
फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
No comments