Recent Posts

Breaking News

गैस की किल्लत से भड़के उपभोक्ता, महादेवा-लालगंज मार्ग पर लगाया जाम; एजेंसी पर कालाबाजारी के गंभीर आरोप.

 

Bankati, Basti : उदय एचपी गैस एजेंसी बारीघाट, लालगंज पर गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने रविवार दोपहर लगभग 1 बजे लालगंज कस्बे के निकट चौबाह स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा के सामने लालगंज-महादेवा मार्ग पर सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर सड़क जाम कर दिया। इससे लगभग एक घंटे तक इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी लालगंज एसएचओ विनय कुमार पाठक ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम हटवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सका।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि एजेंसी कर्मचारियों द्वारा गैस की महंगे दामों पर कालाबाजारी की जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है।

उदय एचपी गैस एजेंसी बारीघाट द्वारा क्षेत्र के लालगंज, बारीघाट, बरतनिया, चौबाह, तेनुआ, बड़गो, जिगिना, गौरा धुंधा, नेवारी, नराड़, रौतापार, कोप, मंझरिया, डेफरी, सिसई पंडित, ठोकवा, कबरा खास, अजमतपुर, कचनी, बाबू सिसई, बानपुर, पसड़ा, सेल्हरा सहित लगभग 100 गांवों के करीब 15,720 उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन दिया गया है।

लेकिन इस समय एजेंसी कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे आए दिन उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच विवाद होना और जाम लगना आम बात हो गई है।

इस संबंध में एजेंसी के प्रबंधक धीरेन्द्र से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि एक गाड़ी में 315 से लेकर 342 गैस सिलेंडर एक बार में आते हैं। इस समय उनके यहां 1500 उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया गया है और प्रतिदिन लगभग 500 से 600 लोगों की लाइन लग रही है।

उन्होंने बताया कि मांग के सापेक्ष गैस सिलेंडरों की उपलब्धता कम होने के कारण कुछ उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, लेकिन सभी उपभोक्ताओं को उनके ओटीपी के आधार पर गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।

No comments