Recent Posts

Breaking News

दोस्त की एक्स-गर्लफ्रेंड से दिल लगाना पड़ा भारी: सिगरेट पीने के बहाने बाहर बुलाया, फिर सरेबाजार चाकू से गोद डाला!.

 

हांसी : हरियाणा के हांसी में शनिवार रात करीब 9 बजे नेशनल हाईवे 10 (NH 10) मार्केट उस वक्त चीखों से दहल उठी, जब एक नामी शोरूम के मैनेजर की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि मृतक के अपने ही जिगरी दोस्त थे। दिल दहला देने वाली इस वारदात की वजह ‘लव ट्रायंगल’ और एक लड़की को लेकर चल रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है। हमलावर एक काली स्कॉर्पियो से आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस की 3 टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।

एक्स-गर्लफ्रेंड बनी मौत की वजह, दोस्तों के बीच सुलग रही थी रंजिश
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में जो कहानी सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। जॉकी शोरूम के 24 वर्षीय मैनेजर सूरज जैन की हत्या के पीछे एक लड़की (गर्लफ्रेंड) का विवाद था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सूरज की हाल ही में एक नई गर्लफ्रेंड बनी थी। यह लड़की पहले सूरज के ही एक दोस्त के साथ रिलेशनशिप में थी। ब्रेकअप के बाद लड़की सूरज के करीब आ गई, जो उसके पूर्व प्रेमी (सूरज के दोस्त) को नागवार गुजरी। इसी बात से खुन्नस खाए दोस्त सूरज को रास्ते से हटाने का प्लान बना रहे थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे इस लव ट्रायंगल के अलावा अन्य सभी संभावित एंगल्स पर भी गहनता से जांच कर रहे हैं।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर: सिगरेट का कश लगाया, फिर पेट में घोंपा चाकू
इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने बेहद शातिर और फिल्मी तरीका अपनाया, जो मौके पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है। शनिवार रात करीब 8 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर चार युवक मार्केट पहुंचे। सूरज को बिल्कुल शक न हो, इसलिए एक दोस्त नॉर्मल तरीके से शोरूम के अंदर गया और सूरज को बातचीत के बहाने बाहर बुला लाया।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार: बाहर आने के बाद माहौल को सामान्य दिखाने के लिए दोस्त ने सूरज की ही जेब से सिगरेट निकाली और पीने लगा। इसी दौरान उनका दूसरा साथी कुछ दूरी पर फोन पर बात करने का नाटक कर रहा था। जैसे ही फोन कटा, सिगरेट पी रहे दोस्त ने अचानक सूरज पर थप्पड़-लातों की बरसात कर दी। सूरज संभल पाता, इससे पहले ही आरोपी ने अपनी पैंट की जेब से धारदार चाकू निकाला और सूरज के पेट में ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

बाजार में मची चीख-पुकार, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
सरेबाजार हुई इस चाकूबाजी से मार्केट में हड़कंप मच गया। सूरज लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर पड़ा। जब तक आसपास के दुकानदार और राहगीर कुछ समझ पाते और हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़ते, आरोपी अपनी काली स्कॉर्पियो में सवार होकर हवा हो गए। लोग तुरंत गंभीर हालत में सूरज को हांसी के सिविल अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद सूरज को मृत घोषित कर दिया।

रसूखदार परिवार का चश्मा, कर्ज ने बदली थी किस्मत
इस वारदात के बाद से सूरज के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक सूरज जैन का परिवार कभी इलाके के सबसे रसूखदार परिवारों में गिना जाता था। सूरज अपने समय के हांसी के मशहूर और नामी वकील ओपी जैन का पोता था, जबकि उसकी बुआ डॉ. पुष्पा बंसल भी हिसार की जानी-मानी डॉक्टर हैं। हालांकि, वक्त का पहिया ऐसा घूमा कि भारी कर्ज के कारण परिवार की माली हालत खराब होती चली गई। सारी प्रॉपर्टी बिकने के बाद सूरज के पिता रोहित जैन फिलहाल हिसार के मॉडल टाउन में एक किराए के मकान में रह रहे थे और सूरज अपनी मेहनत के दम पर परिवार को संभालने की कोशिश में जुटा था।

No comments