Recent Posts

Breaking News

मदरसन कंपनी से ड्यूटी कर निकली युवती सड़क पर गिरी, अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांस.

 

  • 21 वर्षीय रिमझिम की अचानक मौत से फैक्ट्री में हड़कंप, परिवार में पसरा मातम

Dehradun : निकटवर्ती क्षेत्र मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पूरी कर बाहर निकली एक युवती अचानक सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में कंपनी स्टाफ द्वारा उसे उपचार के लिए हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की अचानक मौत से जहां परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं फैक्ट्री के कर्मचारियों में भी शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ईसाई नगर नंबर-1, लामाचौड़, हल्द्वानी निवासी 21 वर्षीय रिमझिम पुत्री मनोहर लाल मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में कार्यरत थी। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे वह ए-शिफ्ट की ड्यूटी समाप्त कर कार्ड पंच करने के बाद कंपनी के मुख्य द्वार से बाहर निकली थी। बताया जा रहा है कि वह अन्य साथी कर्मचारियों के साथ बस में बैठने के लिए सड़क की ओर जा रही थी, तभी अचानक चक्कर खाकर सड़क पर गिर पड़ी।

घटना के बाद वहां मौजूद महिला श्रमिकों और कंपनी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने तुरंत उसे संभाला और कंपनी वाहन से डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से कंपनी प्रबंधन भी स्तब्ध है। कंपनी के एचआर हेड सुभाष तिवारी ने बताया कि रिमझिम फरवरी माह में ही कंपनी में नियुक्त हुई थी। परिवार में उसका एक भाई और तीन बहनें हैं, जिनमें से एक बहन का विवाह हो चुका है।

इधर, सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। युवती की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

रिमझिम की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं कंपनी में कार्यरत अन्य श्रमिक भी घटना के बाद सहमे हुए नजर आए।

No comments