Recent Posts

Breaking News

मौत के सफर में भी साथ रही बचपन की दोस्ती! तेज रफ्तार कार ने दो दोस्तों की जिंदगी छीनी, मोहल्ले में पसरा मातम.

 

  • ​बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा, इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
  • बचपन की दोस्ती और मौत का साथ, एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे युवक

​लहरपुर, सीतापुर। लहरपुर के मोहल्ला भूलनपुर में उस समय चीख-पुकार मच गई जब दो जिगरी दोस्तों की मौत की खबर एक साथ घर पहुंची। भूलनपुर निवासी 21 वर्षीय शानू अपने 22 वर्षीय दोस्त अनस के साथ बाइक पर सवार होकर लखीमपुर खीरी के ओयल गया था। शानू वहां अपनी बहन गुड़िया के ससुराल गया था, लेकिन किसे पता था कि यह मुलाकात आखिरी साबित होगी। बृहस्पतिवार की दोपहर बाद जब दोनों दोस्त बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी कोरैया ईंट-भट्ठे के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर जा गिरे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरगांव पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद शानू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनस की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर वहां से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन अनस को लेकर लखनऊ जा ही रहे थे कि रास्ते में उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अटरिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद अनस ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

बचपन की दोस्ती और सूने हुए आंगन

शानू और अनस की दोस्ती पूरे मोहल्ले में मिसाल थी। दोनों के घर आमने-सामने थे और बचपन से ही वे साये की तरह साथ रहते थे। पेशेवर तौर पर दोनों जूता बनाने का काम करते थे और एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी थे। शानू अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी मौत से परिवार का चिराग बुझ गया है। वहीं अनस स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और अपने पीछे एक छोटा भाई छोड़ गया है। इस हृदयविदारक घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हरगांव पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है, लेकिन हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

No comments