Recent Posts

Breaking News

पति और बच्चों को छोड़ प्रेमी संग भागी महिला: फेसबुक पर हुआ था प्यार, पुलिस ने ढूँढा तो बोली- अब उसी के साथ रहूंगी

Jhansi : एक माह पहले लापता हुई महिला को पुलिस ने खोज निकाला। यह महिला अपने प्रेमी के साथ हरदोई में मिली। महिला ने कहा कि वह अपने पति के साथ नहीं, बल्कि प्रेमी के साथ रहना चाहती है। बाद में पुलिस ने महिला को मायके भेज दिया।

समथर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला अपनी ननद और बच्चों के साथ पिछले माह मोंठ में खरीदारी करने आई थी। इसी दौरान वह गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला की फेसबुक के जरिए हरदोई निवासी एक युवक से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह संबंध प्रेम में बदल गया। दोनों ने साथ रहने की योजना बना ली। जिस दिन महिला मोंठ बाजार आई थी, उसी दिन उसका प्रेमी भी वहां मौजूद था। मौका देखकर महिला अपने बच्चे को लेकर उसके साथ चली गई।

हरदोई पहुंची पुलिस, प्रेमी के साथ घर पर मिली महिला
पुलिस ने महिला की लोकेशन ट्रेस कर उसे हरदोई में प्रेमी के साथ बरामद कर लिया। इसके बाद महिला और उसके प्रेमी को थाने लाकर पूछताछ की गई। महिला के ससुराल और मायके पक्ष के लोगों को भी थाने बुलाया गया। दोनों पक्षों के लोगों ने महिला से काफी देर तक बातचीत की। पूरे दिन थाने में समझाइश और बातचीत का दौर चलता रहा, लेकिन महिला ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।

बाद में पारिवारिक समझाइश के बाद महिला अपने मायके जाने के लिए राजी हो गई। पुलिस ने महिला को उसके मायके वालों के सुपुर्द कर दिया।

मायके चली गई महिला
कोतवाल राजेश पाल सिंह ने बताया कि महिला की मर्जी के अनुसार उसे उसके मायके भेजा गया है। महिला के बयान और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments