Recent Posts

Breaking News

‘प्यार सच्चा है तो कलेक्टर से मिलकर दिखाओ…’, प्रेमिका की जिद पर कलेक्ट्रेट पहुंचे युवक की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश के दतिया में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक युवक सिर्फ अपनी गर्लफ्रेंड की जिद पूरी करने के लिए दतिया कलेक्ट्रेट पहुंच गया। लेकिन कलेक्टर से मुलाकात से पहले ही भीषण गर्मी और थकान ने उसकी हालत बिगाड़ दी और वह कलेक्ट्रेट परिसर में बेहोश होकर गिर पड़ा।


जानकारी के मुताबिक युवक की पहचान 26 वर्षीय राजकुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जो पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। बताया जा रहा है कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे चैलेंज दिया था कि अगर वह सच में उससे प्यार करता है, तो दतिया जाकर कलेक्टर से मिलकर दिखाए। इसी चुनौती को पूरा करने के लिए राजकुमार यूपी से दतिया पहुंच गया।


राजकुमार शुक्रवार को ट्रेन से झांसी पहुंचा, जहां से बस के जरिए दतिया आया। वह एक होटल में रुका और शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा, लेकिन अवकाश होने के कारण कलेक्टर से मुलाकात नहीं हो सकी। रविवार को भी वह होटल में ही रुका रहा। सोमवार को जब वह दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचा तो भीषण गर्मी और लगातार थकान के चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई। पानी पीते समय वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा।


कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि युवक के पास होटल का किराया देने तक के पैसे खत्म हो गए हैं और उसने परिचितों से मदद भी मांगी है।


इधर, दतिया कलेक्टर स्वप्निल बानखेड़े ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें युवक की जानकारी मिली है और वे उससे मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि युवक की तबीयत में सुधार नहीं होता है, तो वे अस्पताल जाकर भी उससे मिलेंगे।

No comments