इंस्टाग्राम पर शुरू हुए प्यार का खूनी अंत; गुजरात जाने की जिद पर अड़े प्रेमी की महिला ने ओढ़नी से गला घोंटकर की हत्या

छिंदवाड़ा : छिंदवाड़ा के सौंसर क्षेत्र स्थित जामसांवली मंदिर के पास खेत में बनी झोपड़ी में युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी हत्या का निकला है, जिसमें आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है।
मृतक की पहचान गुजरात के बनासकांठा जिले के कोडरम गांव निवासी 30 वर्षीय आकाश परमार के रूप में हुई है। वहीं आरोपी महिला सौंसर क्षेत्र की रहने वाली है, जो पति की मौत के बाद अपने दो बच्चों के साथ झोपड़ी में रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की पहचान करीब तीन महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों लगातार संपर्क में थे और आकाश महिला को अपने साथ गुजरात ले जाना चाहता था।
इसी बीच आकाश अचानक सौंसर पहुंच गया और महिला की झोपड़ी में उससे मिलने गया। यहां दोनों के बीच गुजरात चलने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में महिला ने ओढ़नी से युवक का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद महिला मौके से फरार नहीं हुई, लेकिन उसने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। बाद में युवक का शव झोपड़ी से बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस को मामले में सबसे अहम सुराग मृतक के मोबाइल फोन से मिला, जिसमें दोनों के बीच लगातार चैट और कॉल रिकॉर्ड मौजूद थे। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात अचानक गुस्से में हुई या इसके पीछे कोई और कारण भी था।
No comments