Recent Posts

Breaking News

फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर पर चंडीगढ़ में रेप का केस; असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर को होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप, मिली जमानत

चंडीगढ़ : फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहर के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-17 थाना में एक युवती के साथ रेप का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक फाइव स्टार होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और मारपीट करने के साथ गलत तरीके से बंधक बनाकर रखा गया।

युवती का आरोप है कि उसकी ड्रिंक में संदिग्ध नशीला पदार्थ मिलाया गया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने जांच के बाद 21 अप्रैल को एफआईआर दर्ज की थी। हाई प्रोफाइल मामला होने के चलते पुलिस ने लंबे समय तक इस केस को सार्वजनिक नहीं होने दिया। हालांकि मामले का खुलासा सोमवार देर शाम को हुआ। एफआईआर दर्ज होने के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन बाद में उसे जिला अदालत से जमानत मिल गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शिकायतकर्ता युवती चंडीगढ़ के खुड्डा लाहौरा क्षेत्र की रहने वाली है और फिलहाल चंडीगढ़ में रह रही है, जबकि उसका स्थायी पता नई दिल्ली का बताया गया है। शिकायत में युवती ने बताया कि वर्ष 2025 में वह चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान एक शिक्षक के माध्यम से उसका बायोडाटा फिल्म ‘धुरंधर’ की टीम तक पहुंचा। इसके बाद 2 सितंबर, 2025 को उसे फिल्म प्रोजेक्ट में असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर के तौर पर शामिल किया गया।

पीड़िता के अनुसार प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने के 4-5 दिन बाद प्रोडक्शन डिजाइनर ने काम की चर्चा के बहाने उसे सेक्टर-17 स्थित एक होटल के कमरे में बुलाया। शिकायत में युवती ने कहा कि 10 सितंबर, 2025 की रात करीब साढ़े 8 बजे वह होटल पहुंची। शुरुआत में उसे लगा कि वहां टीम मीटिंग होगी, लेकिन होटल पहुंचने पर वहां कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। प्रोडक्शन डिजाइनर ने उस पर शराब पीने का दबाव बनाया। ड्रिंक पीने के कुछ ही मिनट बाद उसे चक्कर आने लगे और उसकी हालत बिगड़ गई।

युवती ने आरोप लगाया कि डांस सिखाने के बहाने उसे गलत तरीके से छुआ। इस दौरान उसकी तबीयत और खराब हो गई तथा उसे कई बार उल्टियां हुईं। इसके बावजूद उसे कमरे से बाहर नहीं जाने दिया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

No comments