Recent Posts

Breaking News

ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने मायके में लगाई फांसी; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, जालौन में पसरा मातम

जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडितपुर में ससुराल पक्ष से प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, प्रियंका, पुत्री श्याम बिहारी दोहरे, ने वर्ष 2017 में हिंदू रीति-रिवाज से मध्य प्रदेश निवासी युवक से विवाह किया था।

शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। उत्पीड़न से परेशान होकर प्रियंका अपने मायके पंडितपुर में रहने लगी थी। परिजनों के अनुसार, वह कई बार ससुराल गई, लेकिन उसे घर में प्रवेश नहीं दिया गया।

बताया जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के चलते प्रियंका ने अपने मायके में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के दो छोटे पुत्र हैं—एक 8 वर्ष का और दूसरा 5 वर्ष का, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है।

घटना की सूचना मृतका की मां द्वारा कुठौंद थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दौरान थाना प्रभारी ने मानवता का परिचय देते हुए बेहोशी की हालत में पड़ी मृतका की मां को संभाला, उन्हें पानी पिलाया और सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच की जा रही है और यदि किसी की लापरवाही या दोष पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments