‘भाई तू पहले बोलना सीख… तेरी भाषा समझ नहीं आती’, गुरुग्राम में हिंदी के लहजे पर बिहार का IT कर्मी हुआ भाषाई नफरत का शिकार, मंचलो ने जमकर पीटा

गुरुग्राम के पॉश डीएलएफ फेज-3 इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें भाषाई भेदभाव और क्षेत्रीय नफरत को लेकर एक कॉर्पोरेट कर्मचारी पर बेरहमी से हमला किया गया। पीड़ित बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला है और गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करता है।
पीड़ित आदित्य राज पांडेय के मुताबिक, यह घटना 21 मई 2026 की रात उस समय हुई जब वह अपने सहकर्मी के बुलाने पर एक फ्लैट में पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनके हिंदी बोलने के लहजे को लेकर तंज कसना शुरू कर दिया और विवाद बढ़ता चला गया।
आरोप है कि शराब के नशे में मौजूद दो युवकों ने पहले पीड़ित के साथ बदसलूकी की और फिर विरोध करने पर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके चेहरे और सिर पर लगातार घूंसे और थप्पड़ मारे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
हमले के दौरान पीड़ित ने मदद की गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों ने मारपीट जारी रखी। बाद में कमरे में मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित ने अस्पताल से पुलिस को बयान दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर महानगरों में काम करने वाले प्रवासी कर्मचारियों की सुरक्षा और सामाजिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
No comments