यूपी में आंधी-बानी का अलर्ट! पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम, लखनऊ समते कई जिलों में बारिश के चलेंगी तेज हवाएं

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मौसम (UP Weather Today 3 May) एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक 4 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार हैं।
रविवार शाम से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार दिन तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है, लेकिन शाम से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान पूरे प्रदेश में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अमौसी स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 4 मई से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में मौसम को पूरी तरह प्रभावित करेगा। इसके चलते कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
तापमान में आएगी गिरावट, लू से राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि पहले तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद इसमें 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इस कारण मई के शुरुआती 10 दिनों में लू चलने की संभावना काफी कम हो जाएगी।
शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि धूप तेज रही, लेकिन हालिया बारिश और ठंडी हवाओं के कारण गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हुआ।
अप्रैल में दिखा मौसम का अलग मिजाज
पिछले महीने यानी अप्रैल में तीन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और बारिश हुई। इससे औसत वर्षा सामान्य से अधिक दर्ज की गई, जबकि तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। हालांकि, महीने के दूसरे पखवाड़े में बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिला।
उरई सबसे गर्म, कई शहरों में बढ़ा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को उरई प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बांदा (40.6°C) और झांसी (39.4°C) का स्थान रहा।
मई के लिए क्या है अनुमान?
IMD के अनुसार, मई महीने में उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम रह सकता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह सामान्य या उससे अधिक रह सकता है।
तराई इलाकों में लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह सामान्य रहने का अनुमान है।
No comments