Recent Posts

Breaking News

दहेज की वेदी पर चढ़ी एक और मासूम जान, तेजाब पीकर विवाहिता ने तोड़ा दम.

 

  • एक लाख की नगद मांग और प्रताड़ना ने बुझाया घर का चिराग
  • ​सात माह के मासूम के सिर से उठा ममता का साया

Sitapur : लहरपुर कोतवाली इलाके में दहेज की लोभी मानसिकता ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। ग्राम चपरतल्ला के रहने वाले उमेश अवस्थी की बहन इंद्र कुमारी, जिसकी शादी महज़ कुछ साल पहले बड़े अरमानों के साथ मिश्रनपुरवा के सनी मिश्रा से हुई थी, आज इस दुनिया में नहीं रही। भाई का आरोप है कि उसने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बहन की विदाई में कोई कसर नहीं छोड़ी थी, लेकिन लालच की कोई सीमा नहीं होती।

सनी और उसके घरवाले एक लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी के लिए इंद्र कुमारी को मानसिक और शारीरिक रूप से इस कदर प्रताड़ित करने लगे कि उसका जीना मुहाल हो गया। आए दिन होने वाली मारपीट और गालियों के शोर ने उस घर की दीवारें कड़वाहट से भर दी थीं, जहाँ एक सात माह का मासूम अपनी मां की गोद में सुकून तलाशता था।

जुल्म की इंतिहा तब हुई जब प्रताड़ना से टूटकर करीब एक महीने पहले इंद्र कुमारी ने मौत को गले लगाना बेहतर समझा और घर में रखा तेजाब गटक लिया। उसे आनन-फानन में लखनऊ के राम मनोहर लोहिया और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत के बीच चली लंबी जद्दोजहद शनिवार को थम गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने साफ कर दिया है कि पीड़ित भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोषियों को कानून के शिकंजे में कसने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब हर किसी की नजरें पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस मासूम जान के गुनहगारों को आखिर कब उनके किए की सजा मिलती है।

No comments