Recent Posts

Breaking News

हार के बाद ममता बनर्जी का रौद्र रूप: मैं इस्तीफा नहीं दूंगी, बीजेपी ने गुंडों के दम पर चुराया जनादेश; मेरे साथ हुई मारपीट.

 

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की करारी शिकस्त के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहली बार मीडिया के सामने आईं। कोलकाता में आयोजित एक तीखी प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता ने साफ कर दिया कि वे हार मानने वाली नहीं हैं। उन्होंने चुनाव परिणामों को ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार देते हुए भाजपा, चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए।

‘मैं हारी नहीं तो इस्तीफा क्यों दूं?’

अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से हारने के बावजूद ममता बनर्जी के तेवर कम नहीं हुए। उन्होंने इस्तीफे के सवाल पर दोटूक कहा, “मुझसे जबरदस्ती कोई इस्तीफा नहीं ले सकता। मैंने इस्तीफा नहीं दिया है क्योंकि मैं हारी ही नहीं हूं। नैतिकता के आधार पर मैं खुद को विजेता मानती हूं, इसलिए लोकभवन जाकर इस्तीफा देने का सवाल ही पैदा नहीं होता।” उन्होंने दावा किया कि उन्हें साजिश के तहत हराया गया है।

पेट और पीठ पर लात मारी गई: मारपीट का सनसनीखेज आरोप

ममता बनर्जी ने मतगणना केंद्र के भीतर अपने साथ हुई बदसलूकी का जिक्र करते हुए सबको चौंका दिया। उन्होंने कहा, “जब मुझे पता चला कि हमारे काउंटिंग एजेंटों को मारपीट कर निकाला जा रहा है, तो मैं वहां पहुंची। वहां भाजपा उम्मीदवार 200 गुंडों और CRPF जवानों के साथ घुस गया था। उन्होंने मुझे अंदर जाने से रोका और मेरे साथ धक्का-मुक्की की। उन्होंने मेरे पेट और पीठ पर लात मारी। उस समय जानबूझकर CCTV बंद कर दिया गया था।”

‘100 सीटें लूट ली गईं, 90 लाख वोट हटाए गए’

ममता ने चुनाव आयोग (EC) पर निशाना साधते हुए उसे इस हार का ‘खलनायक’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि:

  • वोटों की हेराफेरी: SIR (सिस्टम) से लगभग 90 लाख वोट हटाए गए ताकि विपक्ष को कमजोर किया जा सके।
  • जनादेश की डकैती: भाजपा ने धांधली के जरिए 100 से अधिक सीटें लूटी हैं।
  • काउंटिंग में खेल: 5-6 राउंड की गिनती बाकी होने के बावजूद मीडिया में भाजपा की जीत का शोर मचा दिया गया ताकि दबाव बनाया जा सके।

इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी रहेंगी ‘दीदी’

भले ही बंगाल में टीएमसी की सत्ता चली गई हो, लेकिन ममता बनर्जी ने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी सक्रियता कम न करने के संकेत दिए। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन ने उनसे फोन पर बात की है। ममता ने कहा, “इंडिया गठबंधन मेरे साथ मजबूती से खड़ा है और मैं हमेशा इस गठबंधन का हिस्सा बनी रहूंगी। हम हार नहीं मानेंगे और फिर से जोरदार वापसी करेंगे।”

बंगाल में डर का माहौल

ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव बाद राज्य में भय का माहौल पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग पोलिंग स्टेशनों में घुसकर महिलाओं और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर रहे हैं। हालांकि, भाजपा ने इन सभी आरोपों को ‘हार की हताशा’ बताया है।

No comments