पत्नी के दोस्त को देखकर भड़का पति! कर दिया रॉड से हमला, चलाई गोली बोला – ‘तुम्हारा मेरा बीवी से मिलना पसंद नही’

मध्यप्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप के सतलापुर थाना क्षेत्र में रात करीब 8 बजे उस समय सनसनी फैल गई जब एक पति ने पत्नी के दोस्त पर हमला कर दिया और फिर खुलेआम देशी कट्टे से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय निष्कर्ष राजपूत अपनी पत्नी की दोस्ती से नाराज था। इसी गुस्से में वह अपने दो साथियों के साथ ससुराल पहुंचा और जयपुर से आए पत्नी के दोस्त बाबर पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने मौके पर ही दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए निष्कर्ष सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी और उसकी पत्नी का प्रेम विवाह हुआ था और उनकी एक बेटी भी है, जो वर्तमान में आरोपी के माता-पिता के पास रहती है। पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी लंबे समय से अलग रह रही थी और हाल ही में वह अपने दोस्त बाबर के साथ अपने मायके सतलापुर आई हुई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हिंसक वारदात को अंजाम दिया।
इस घटना ने एक बार फिर सतलापुर क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है, जहां पिछले एक साल में हत्या, चोरी और डकैती के कई मामले सामने आ चुके हैं। स्थानीय लोग लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
No comments