‘पापा मुझे ले जाओ, ये लोग मार डालेंगे’, आखिरी कॉल के बाद यूपी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, यूपी में ट्विशा शर्मा जैसा केस

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मौत से पहले युवती ने अपने पिता को फोन कर जान बचाने की गुहार लगाई थी, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत की सूचना मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
मामले में मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
शादी के बाद से ही चल रहा था विवाद
मृतका की पहचान 19 वर्षीय पुष्पेंद्री के रूप में हुई है। उसकी शादी 13 फरवरी को गजरौला थाना क्षेत्र के गांव खुमावली निवासी बलवीर सिंह ने की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में ट्रैक्टर, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। इसके बाद से ही पति, सास, ससुर और जेठ द्वारा 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
‘पापा मुझे यहां से ले जाओ…’
मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे पुष्पेंद्री ने रोते हुए अपने पिता को फोन किया और कहा-
“पापा मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मुझे मार डालेंगे।” पिता ने उसे शांत रहने और अगले दिन आने का आश्वासन दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद परिवार को उसकी मौत की खबर मिल गई।
मौत की खबर के बाद मचा कोहराम
परिजनों का आरोप है कि एक रिश्तेदार महिला ने फोन कर बताया कि पुष्पेंद्री को फंदे पर लटका दिया गया है। जब मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार थे। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।
पुलिस मौके पर, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना पर थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। काफी समझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दहेज हत्या का आरोप, जांच जारी
मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित दहेज हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। इस मामले पर सीओ पंकज कुमार त्यागी ने कहा कि जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
गांव में तनाव, ससुराल पक्ष फरार
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। ससुराल पक्ष के फरार होने से पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। फिलहाल पूरे मामले ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
No comments