तुम्हारी बहन जिंदा नहीं जाएगी…सास की धमकी के चंद मिनटों बाद दुल्हन का कत्ल; भाई ने फोन पर सुनी थी आखिरी चीख

Bhojpur : बिहार के भोजपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर रूह कांप जाए। जिस घर में अभी शादी की शहनाइयां गूंजी ही थीं और दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था, वहां महज 4 दिन बाद अर्थी उठ गई। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पिलापुर गांव में एक नवविवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका के भाई का आरोप है कि उसकी बहन को मारने से ठीक पहले सास ने फोन पर धमकी दी थी कि “तुम्हारी बहन यहां से जिंदा नहीं जाएगी”।
दहेज में ‘सोने की चेन’ बनी मौत का कारण
मृतका की पहचान बक्सर जिले के इकील गांव निवासी 23 वर्षीय संजू कुमारी के रूप में हुई है। संजू की शादी 7 मई 2025 को विनोद पाल के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी में 4 लाख रुपये नकद, बाइक और फ्रिज समेत काफी सामान दिया गया था। लेकिन लालची दूल्हा विनोद पाल सोने की चेन के लिए अड़ गया था। शादी के पहले दिन से ही संजू को चेन न लाने के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। उसे अपने मायके वालों से बात तक नहीं करने दी जाती थी।
फोन पर सुनी बहन की चीख और फिर सब शांत हो गया
घटना वाली रात यानी 11 मई को संजू का भाई शिवम अपनी बहन की विदाई को लेकर ससुराल वालों से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और संजू की सास ने फोन पर ही दहाड़ते हुए कहा- “इस घर से तुम्हारी बहन जिंदा नहीं जाएगी, अब उसकी लाश ही निकलेगी।” शिवम का दावा है कि जब सास यह धमकी दे रही थी, तभी उसे बैकग्राउंड में संजू के चीखने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद फोन काट दिया गया और फिर किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।
सबूत मिटाने के लिए रात में ही जला दी लाश
अपनी बहन की सलामती जानने के लिए बेचैन भाई जब अगले दिन पिलापुर गांव पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। ससुराल वालों ने संजू की गला दबाकर हत्या करने के बाद रात के अंधेरे में ही शव को श्मशान घाट ले जाकर जला दिया था। जब शिवम श्मशान पहुंचा, तो चिता लगभग पूरी जल चुकी थी; वहां केवल खोपड़ी और पैर के कुछ अवशेष बचे थे।
पूरा ससुराल पक्ष फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पति विनोद पाल, सास, ससुर और ननद घर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने श्मशान घाट से अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह दहेज हत्या और सबूत मिटाने का मामला लग रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
No comments