‘मुस्लिम समुदाय को डरने की जरूरत नहीं’, नई सरकार पर डिप्टी CM विजय कुमार चौधरी का बड़ा बयान.

बिहार : बिहार की राजनीति एक बार फिर बयानबाजी को लेकर गर्म हो गई है। जेडीयू के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुस्लिम समुदाय को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि राज्य में किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नीतीश कुमार के शासन की तरह ही मौजूदा सरकार में भी सभी समुदाय सुरक्षित हैं।
नीतीश कुमार की नीतियों पर चल रही सरकार- विजय कुमार चौधरी
विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट कहा कि भले ही सरकार का नेतृत्व अब सम्राट चौधरी कर रहे हों, लेकिन सरकार की कार्यशैली और नीतियां पूरी तरह से नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और उनके सुशासन मॉडल पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पहले की तरह ही जारी रहेगी।
मुस्लिम समुदाय को दिया भरोसा- डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम ने विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें किसी प्रकार की आशंका या भय रखने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जैसे लोग नीतीश कुमार के शासनकाल में सुरक्षित महसूस करते थे, वैसे ही अब भी उनकी सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित है।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में मुस्लिम समाज के लिए शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं के लाभ तेजी से पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसी योजनाओं से इस समुदाय को खास लाभ मिला है।
विजय कुमार चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ दल जानबूझकर सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नाम पर डर फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने वक्फ संशोधन को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला और कहा कि सरकार ने किसी की संपत्ति पर कोई गलत कार्रवाई नहीं की है, बावजूद इसके अफवाहें फैलाकर जनता को भड़काने की कोशिश की जा रही है।
भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा विपक्ष- चौधरी
चौधरी ने कहा कि एसआईआर और अन्य मुद्दों पर भी विपक्ष बिना तथ्यों के दुष्प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता हमेशा से सामाजिक सौहार्द बनाए रखना रही है और आगे भी यही नीति जारी रहेगी।
No comments